राजस्थान: ई-नाम पर उपज बेचने वाले किसानों की निकली लॉटरी, विद्या देवी ने जीता 2.50 लाख का प्रथम पुरस्कार
16 जून 2026, जयपुर: राजस्थान: ई-नाम पर उपज बेचने वाले किसानों की निकली लॉटरी, विद्या देवी ने जीता 2.50 लाख का प्रथम पुरस्कार – राजस्थान कृषि विभाग की प्रमुख शासन सचिव श्रीमती मंजू राजपाल की अध्यक्षता में सोमवार को पंत कृषि भवन में आयोजित बैठक में कृषक उपहार योजना के अंतर्गत राज्य स्तरीय लॉटरी विजेताओं के नामों की घोषणा की गई। इस अवसर पर उन्होंने किसानों को कृषि विपणन व्यवस्था में डिजिटल माध्यमों के बढ़ते उपयोग के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ई-नाम जैसी पहल किसानों को बेहतर बाजार एवं पारदर्शी विपणन व्यवस्था उपलब्ध करा रही है। उन्होंने चयनित किसानों को दूरभाष पर बधाई देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ई-नाम पर उपज विक्रय करने वाले किसानों को मिला पुरस्कार—
बैठक में बताया गया कि राज्य की मंडी समितियों में वर्ष 2025 के दौरान ई-नाम प्लेटफॉर्म पर कृषि जिंसों का विक्रय करने वाले किसानों को प्रत्येक 10 हजार रुपये के विक्रय पर जारी कूपनों के आधार पर राजकिसान पोर्टल पर ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से राज्य स्तरीय पुरस्कार निर्धारित किए गए। योजना के तहत प्रथम पुरस्कार 2.50 लाख रुपये कृषि उपज मंडी समिति श्रीविजयनगर की महिला कृषक श्रीमती विद्या देवी, द्वितीय पुरस्कार 1.50 लाख रुपये रायसिंहनगर मंडी समिति के कृषक श्री हंसराज तथा तृतीय पुरस्कार 1 लाख रुपये कृषि उपज मंडी समिति मेड़ता सिटी के कृषक श्री सुखराम के नाम निकला। पुरस्कार राशि का भुगतान संबंधित मंडी समितियों द्वारा किया जाएगा।
किसान संगठनों ने रखे सुझाव, मंडियों की स्थिति पर हुई चर्चा—
बैठक में विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और ई-नाम योजना के क्रियान्वयन के अनुभव साझा किए। प्रतिनिधियों ने प्रदेश की कृषि मंडियों की वर्तमान स्थिति, किसानों को मिलने वाली सुविधाओं तथा कृषि उपज क्रय प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, सरल एवं प्रभावी बनाने के संबंध में अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। प्रमुख शासन सचिव ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया।
समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश—
श्रीमती मंजू राजपाल ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि ई-नाम पोर्टल के माध्यम से अपनी उपज विक्रय करने वाले किसानों को समयबद्ध भुगतान हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की सुरक्षा तथा कृषि विपणन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए विभाग निरंतर प्रयासरत है। बैठक में निदेशक कृषि विपणन श्री राजेश चौहान, सचिव राजस्थान राज्य कृषि विपणन बोर्ड श्री लक्ष्मण प्रसाद शर्मा, प्रभारी योजना शाखा श्री प्रमोद कुमार सत्या सहित विभागीय अधिकारी एवं किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

