रायपुर : जशपुर जिले में खरीफ सीजन की तैयारी पूरी, 44 सहकारी समितियों में बीज-खाद का पर्याप्त भंडारण
15 जून 2026, रायपुर: रायपुर : जशपुर जिले में खरीफ सीजन की तैयारी पूरी, 44 सहकारी समितियों में बीज-खाद का पर्याप्त भंडारण – खरीफ सीजन 2026-27 को सफल बनाने के लिए जशपुर जिले में किसानों को बीज, उर्वरक एवं कृषि ऋण की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। कृषि विभाग द्वारा जिले की 44 आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में कृषि आदानों का भंडारण किया गया है, जिससे किसानों को खेती की तैयारियों के लिए आवश्यक संसाधन आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं।
उप संचालक कृषि ने बताया कि किसानों को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की अनुशंसित मात्रा के अनुसार रासायनिक उर्वरकों का वितरण किया जा रहा है। साथ ही किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग एवं मृदा स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। विभागीय अमला गांव-गांव पहुंचकर किसानों को हरी खाद अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है, जिससे मिट्टी में नाइट्रोजन एवं फास्फोरस जैसे आवश्यक पोषक तत्वों की प्राकृतिक पूर्ति हो सके और भूमि की उर्वरता लंबे समय तक बनी रहे।
किसानों की सुविधा के लिए जिले में सहकारी समितियों की संख्या 24 से बढ़ाकर 44 कर दी गई है। इससे किसानों को खाद एवं बीज प्राप्त करने के लिए दूरस्थ क्षेत्रों की यात्रा नहीं करनी पड़ रही है तथा समय और परिवहन व्यय में भी कमी आई है।
वर्तमान में जिले की सहकारी समितियों में 9,285 मीट्रिक टन रासायनिक उर्वरकों का भंडारण किया गया है, जिनमें से 3,681.515 मीट्रिक टन उर्वरक किसानों को वितरित किए जा चुके हैं। इसी प्रकार 6,836.30 क्विंटल धान बीज का भंडारण किया गया है, जिसमें से 1,872.30 क्विंटल बीज का वितरण किया जा चुका है। आगामी मांग को देखते हुए समितियों में लगातार अतिरिक्त भंडारण की व्यवस्था भी की जा रही है।
कृषि ऋण वितरण में भी जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। सहकारी समितियों के माध्यम से अब तक 10,187 किसानों को 3,779.12 लाख रुपये का कृषि ऋण प्रदान किया गया है। इसमें 3,133.08 लाख रुपये नकद तथा 646.04 लाख रुपये वस्तु ऋण के रूप में वितरित किए गए हैं। इससे किसानों को खेती की लागत, बीज, उर्वरक एवं अन्य कृषि कार्यों के लिए आवश्यक वित्तीय सहायता प्राप्त हो रही है।
कृषि विभाग ने बताया कि जिले में खाद, बीज एवं कृषि ऋण की उपलब्धता पर्याप्त है तथा किसानों को किसी प्रकार की समस्या नहीं हो रही है। विभाग द्वारा निरंतर निगरानी एवं समन्वय के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर मिलती रहें।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

