राज्य कृषि समाचार (State News)

रायपुर: 55% अनुदान पर लगाई ड्रिप सिंचाई, अब कम लागत में हो रही सब्जियों की खेती; बढ़ा मुनाफा

04 अगस्त 2026, रायपुररायपुर: 55% अनुदान पर लगाई ड्रिप सिंचाई, अब कम लागत में हो रही सब्जियों की खेती; बढ़ा मुनाफा – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रही है। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को नई तकनीकों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में संचालित सूक्ष्म सिंचाई योजना किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रही है। योजना के तहत ड्रिप और स्प्रिंकलर जैसी आधुनिक सिंचाई प्रणालियों पर अनुदान दिया जा रहा है, जिससे कम पानी में अधिक उत्पादन के साथ खेती की लागत भी कम हो रही है।

55% अनुदान से लगाई ड्रिप सिंचाई

सरगुजा जिले के लुण्ड्रा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत झेराडीह के प्रगतिशील किसान आनंद राम पैकरा ने सूक्ष्म सिंचाई योजना का लाभ लेकर अपनी खेती को आधुनिक तकनीक से जोड़ा है। उनके पास कुल 0.909 हेक्टेयर कृषि भूमि है, जिसमें 0.509 हेक्टेयर में धान तथा 0.400 हेक्टेयर में टमाटर और गोभी जैसी सब्जियों की खेती की जाती है। उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन और तकनीकी सहयोग से उन्होंने करीब डेढ़ एकड़ क्षेत्र में ड्रिप सिंचाई प्रणाली स्थापित की, जिसके लिए उन्हें शासन से 55 प्रतिशत अनुदान मिला।

कम पानी में बेहतर उत्पादन

किसान आनंद राम पैकरा ने बताया कि पहले पारंपरिक सिंचाई पद्धति में अधिक पानी, समय और श्रम की आवश्यकता होती थी। खेत में समान रूप से सिंचाई करना भी चुनौतीपूर्ण था। ड्रिप सिंचाई अपनाने के बाद अब पानी सीधे पौधों की जड़ों तक आवश्यक मात्रा में पहुंच रहा है। इससे पानी की बचत होने के साथ पौधों का विकास बेहतर हुआ है और फसल की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।

घटी लागत, बढ़ा मुनाफा

उन्होंने बताया कि ड्रिप प्रणाली के माध्यम से उर्वरकों का उपयोग भी अधिक प्रभावी ढंग से किया जा रहा है। पौधों को आवश्यकता के अनुसार पोषक तत्व मिलने से टमाटर और गोभी की फसल अधिक स्वस्थ एवं गुणवत्तापूर्ण तैयार हो रही है। उत्पादन बढ़ने के साथ खेती की लागत में कमी आई है, जिससे सब्जी उत्पादन पहले की तुलना में अधिक लाभकारी बन गया है और किसानों का मुनाफा बढ़ रहा है।

आधुनिक खेती को मिल रहा बढ़ावा

राज्य सरकार सूक्ष्म सिंचाई जैसी आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देकर जल संरक्षण, उत्पादन वृद्धि और किसानों की आय बढ़ाने के लक्ष्य की दिशा में कार्य कर रही है। सरगुजा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में किसान शासन की योजनाओं का लाभ लेकर पारंपरिक खेती से आगे बढ़ते हुए वैज्ञानिक एवं तकनीक आधारित खेती अपना रहे हैं। इससे कृषि अधिक टिकाऊ, लाभकारी और आत्मनिर्भर बन रही है।


आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture