Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

रायगढ़ को मिली कृषि शिक्षा की बड़ी सौगात, 23 करोड़ की लागत से बनेगा उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र  

06 जून 2026, रायगढ़: रायगढ़ को मिली कृषि शिक्षा की बड़ी सौगात, 23 करोड़ की लागत से बनेगा उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र – छत्तीसगढ़  के कृषि मंत्री एवं रायगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने जिले के एक दिवसीय प्रवास के दौरान ग्राम कोसमनारा में 23 करोड़ 03 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, 100 सीटर बालक छात्रावास तथा 100 सीटर बालिका छात्रावास भवन का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम पटेलपाली स्थित फल-सब्जी मंडी परिसर में 4 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न अधोसंरचना कार्यों का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र में कृषि शिक्षा, अनुसंधान और रोजगार के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगी।

किसानों और विद्यार्थियों को मिलेगा आधुनिक कृषि शिक्षा का लाभ

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन तिहार के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर आम लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ में उद्यानिकी महाविद्यालय की स्थापना क्षेत्र के किसानों, विद्यार्थियों और युवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि साबित होगी। यह संस्थान आधुनिक कृषि एवं उद्यानिकी शिक्षा, अनुसंधान और तकनीकी प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां विकसित होने वाली नई तकनीकें और शोध किसानों की आय बढ़ाने तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने में मददगार साबित होंगे।

जैविक खेती अपनाने की अपील

प्रभारी मंत्री ने किसानों से जैविक खेती को बढ़ावा देने और गोबर खाद सहित जैविक उर्वरकों का अधिक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक प्रयोग से भूमि की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है, इसलिए प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देना समय की जरूरत है। उन्होंने बताया कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है और खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए जिला स्तर पर निगरानी भी की जा रही है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile

रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर खुलेंगे

रायगढ़ लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों, युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कोसमनारा में बनने वाला उद्यानिकी महाविद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध कराएगा। साथ ही कृषि आधारित रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही बेहतर संभावनाएं मिल सकेंगी।

मंडी परिसर में अधोसंरचना कार्यों का भी हुआ लोकार्पण

प्रवास के दौरान प्रभारी मंत्री ने ग्राम पटेलपाली स्थित फल-सब्जी मंडी परिसर में 4 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न अधोसंरचना कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि मंडी में विकसित नई सुविधाओं से किसानों को अपनी उपज के विपणन में सहूलियत मिलेगी और कृषि व्यापार को भी मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल, खरसिया नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुजाता सुकलाल चौहान, सरपंच कृष्णा डनसेना, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र की स्थापना से रायगढ़ जिले में कृषि शिक्षा और अनुसंधान को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। यह संस्थान किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के साथ-साथ क्षेत्र में कृषि आधारित विकास को भी गति देगा।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture