राज्य कृषि समाचार (State News)

म.प्र. को जैविक प्रदेश बनाना होगा : श्री यादव

जबलपुर। जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय का 56वां स्थापना दिवस गत दिनों गरिमामय माहौल में मनाया गया। किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री सचिन यादव ने कहा कि जनेकृविवि की ख्याति देशभर में लगातार फैल रही है यह प्रदेश के लिए गौरव की बात है। यहां देश के 28 राज्यों के हजारों छात्र अध्ययनरत हैं। शिक्षा, अनुसंधान और विस्तार के क्षेत्र में राष्ट्रीय पुरस्कारों से विवि की झोली लबरेज है। लेकिन हमारे समक्ष आज बड़ी चुनौती खेती में प्रयुक्त किये जा रहे कीटनाशकों के दुष्परिणाम की है जिससे किसान भी अछूता नहीं है जो कैंसर जैसी घातक बीमारियों की चपेट में आ रहा है। इसलिए जैविक खेती को बढ़ावा रसायनिक खाद के मिथक को तोडऩा नितांत आवश्यक है। सिक्किम जैसे म.प्र. को भी जैविक प्रदेश बनाना होगा। किसानों को उपज का उचित मूल्य दिलाना, प्रसंस्करण और ट्रांसपोर्टेशन की व्यवस्था देना हमारी प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में वित्त, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री श्री तरुण भनोत ने कहा जनेकृविवि का वैभवशाली इतिहास है, लेकिन बदलते मौसम और जलवायु के अनुरूप अनुसंधान का दायरा बढ़ायें ताकि किसानों को सूखे और बाढ़ जैसी विपरीत परिस्थितियों में भी नुकसान न हो। 

Advertisement
Advertisement

सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण, अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री श्री लखन घनघोरिया ने कहा जनेकृविवि ने विखंडन के अनेक दंश सहे हैं भविष्य में ऐसा ना हो इस हेतु हमें सचेत रहना होगा। 

समारोह में कुलपति डॉ. प्रदीप कुमार बिसेन ने कहा जनेकृविवि ने 298 प्रजातियां विकसित की हैं और देश को प्रसिद्ध कैबिनेट मंत्री, कलेक्टर, कृषि वैज्ञानिक और उच्चस्तरीय छात्र दिये हैं। आज हम देश के 75 कृषि विश्वविद्यालयों में सर्वश्रेष्ठ हैं। विधायक श्री संजय यादव, श्री विनय सक्सेना, श्री अशोक रोहाणी व वेटनरी कुलपति डॉ. पी.डी. जुआल भी मंच पर उपस्थित थे।

Advertisement8
Advertisement

समारोह के द्वितीय चरण में जनेकृविवि के पूर्व प्रभारी कुलपति डॉ. ए.एस. तिवारी को लाइफटाईम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं पूर्व छात्र एवं वर्तमान रीवा कलेक्टर श्री ओम प्रकाश श्रीवास्तव और सागर कलेक्टर श्रीमती प्रीति मैथिल नायक, भाकृअप अटारी के निदेशक डॉ. अनुपम मिश्रा व डॉ. पी.एस. चौरे यूएसए को जवाहर रत्न से नवाजा गया। आदिवासी उत्कृष्ट कृषक महिला सम्मान श्रीमती ललिता बारस्कर बैतूल, श्रीमती उजियारो बाई केवटिया डिंडौरी, श्रीमती द्रोपती सिंह गोंड शहडोल को तथा कृषक फैलो सम्मान श्री गुलाबराव खाड़े बैतूल, श्री कृष्णपाल सिंह लोधी नरसिंहपुर, डॉ. सुमन कुमार दास छतरपुर को दिया गया। जनेकृविवि के प्राध्यापक डॉ. अभिषेक शुक्ला को 50 हजार रुपए नगद के साथ बेस्ट टीचर अवॉर्ड तथा कु. साक्षी शर्मा को बेस्ट स्टूडेंट अवॉर्ड दिया गया। कृषि विज्ञान केन्द्र पन्ना को उत्कृष्ट कार्य हेतु प्रशस्ति पत्र दिया गया। जनेकृविवि को मिले देश के सरदार पटेल सर्वश्रेष्ठ आईसीएआर कृषि विश्वविद्यालय 2018 अवॉर्ड एवं विवि रैकिंग 2018 कमेटी के सदस्यों को एवं कृषि प्रदर्शनी व छात्र पोस्टर प्रदर्शनी के विजेताओं को प्रमाण पत्र वितरित किये गये। कार्यक्रम संचालन अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. अमित शर्मा एवं आभार प्रदर्शन कुलसचिव डॉ. एम.के. हरदहा ने किया। समारोह के पूर्व में कृषि मंत्री ने कृषि प्रदर्शनी एवं छात्रों की पोस्टर प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन किया।

Advertisement8
Advertisement
Advertisements
Advertisement5
Advertisement