मैरिको इनोवेशन–समुन्नति की साझेदारी से फसल नुकसान घटाने की पहल
05 फरवरी 2026, वाराणसी: मैरिको इनोवेशन–समुन्नति की साझेदारी से फसल नुकसान घटाने की पहल – फल एवं सब्ज़ी उत्पादक किसानों को फसल तुड़ाई अथवा कटाई के बाद होने वाले नुकसान की गंभीर समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से मैरिको इनोवेशन फाउंडेशन ने एक व्यापक सर्वेक्षण के आधार पर एक महत्वाकांक्षी पायलट परियोजना की परिकल्पना की है। इस परियोजना का ज़मीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन समुन्नति फाउंडेशन के सहयोग से किया जा रहा है।
मिर्ज़ापुर और वाराणसी जनपदों में शुरू की गई इस पहल का मुख्य उद्देश्य फल एवं सब्ज़ियों की बर्बादी को कम करना और किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करना है। जनवरी 2026 से प्रारंभ हुई यह परियोजना कृषि क्षेत्र में नवाचार और सतत विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
परियोजना के तहत किसानों एवं किसान उत्पादक संगठनों (FPOs) को आधुनिक, किफायती और व्यवहारिक तुड़ाई उपरांत प्रबंधन तकनीकों से सशक्त किया जा रहा है। इन प्रयासों से न केवल कृषि उपज की गुणवत्ता और भंडारण अवधि में सुधार होगा, बल्कि किसानों को बाज़ार में अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त करने में भी सहायता मिलेगी।
इस पायलट परियोजना के अंतर्गत कई उन्नत एवं नवोन्मेषी तकनीकी समाधानों को अपनाया जा रहा है, जिनमें छोटे एवं किफायती कोल्ड स्टोरेज समाधान, प्याज जैसी फसलों में सड़न की रोकथाम हेतु स्मार्ट निगरानी प्रणालियाँ, सौर ऊर्जा आधारित कोल्ड स्टोरेज, स्वचालित ग्रेडिंग एवं सॉर्टिंग यूनिट्स तथा सामान्य कमरों को कोल्ड स्टोरेज में परिवर्तित करने वाली अभिनव तकनीकें शामिल हैं। इसके साथ ही विशेष प्रकार के क्रेट्स का भी उपयोग किया जा रहा है, जो बिना बिजली के फल एवं सब्ज़ियों को लंबे समय तक ताज़ा रखने में सहायक हैं और परिवहन के दौरान उपज की गुणवत्ता बनाए रखते हैं।
इन सभी तकनीकों का परीक्षण किसानों की सक्रिय भागीदारी के साथ किया जा रहा है, ताकि उनकी प्रभावशीलता, व्यवहारिकता और आर्थिक लाभ का वास्तविक मूल्यांकन किया जा सके। यह पहल स्थानीय कृषि मूल्य श्रृंखला को सशक्त बनाने और टिकाऊ कृषि विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है I
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

