मध्यप्रदेश: 15 हजार से शुरू की खेती, बकरी पालन और फूल-सब्जी से आज लाखों कमा रहे दतिया के संजू अहिरवार
26 फरवरी 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश: 15 हजार से शुरू की खेती, बकरी पालन और फूल-सब्जी से आज लाखों कमा रहे दतिया के संजू अहिरवार – कौन कहता है कि कृषि से मुनाफा नहीं कमाया जा सकता। खेती मांगती है मेहनत, लगन और थोड़ी सी जागरूकता। यह बात कटीली के रहने वाले किसान संजू अहिरवार ने कही। पन्द्रह हजार से खेती में अपनी किस्मत आजमाने वाले संजू आज लाखों का मुनाफा कमा रहे हैं। उनकी आर्थिक स्थिति में कई सकारात्मक बदलाव आए हैं। एक समय था जब उन्हें स्वास्थ्य विभाग में नौकरी भी मिल गई थी, लेकिन उनके दादाजी की तबीयत अचानक खराब होने के चलते उन्हें अपने पिता की खेती में सहायता करने के लिए नौकरी छोड़ कृषि को अपनाना पड़ा।
वह बताते हैं कि शुरुआती दिन काफी संघर्ष भरे रहे। वे कई लोगों से मिले। अलग अलग लोगों से मिलते रहने से उन्हें यह फायदा हुआ कि उन्हें शासन की कृषि से संबंधित कई सारी योजनाओं के बारे में जानकारी मिली। वे कृषि विभाग गए और उन्हें वहाँ से जानकारी प्राप्त की। संजू बताते हैं कि उन्होंने महज पन्द्रह हजार रुपये से कृषि में अपना कदम बढ़ाया। उन्होंने बकरीपालन प्रारंभ किया। कृषि विज्ञान केन्द्र से उन्हें चार बकरियाँ मिली। और आज उनकी संख्या बढ़कर साठ हो गई है। पिछले 6 महीने में, उन्होंने पशुपालन से 280000 कमाए हैं। संजू बताते हैं कि उनके पास आठ बीघा जमीन है।
पशुपालन के साथ साथ वे फूलों की खेती भी करते हैं और सब्जी भी लगाते हैं। फूलों की खेती से वे पचास से साठ हजार रुपये कमा लेते हैं। सब्जियों उत्पादन से उन्हें पिछले वर्ष डेढ़ लाख रुपए का मुनाफा हुआ है। उन्होंने बताया कि वे खेती में जैविक खाद का प्रयोग करते हैं जो कि वे घर पर ही बनाते हैं। संजू एक संयुक्त परिवार में रहते हैं। उनकी दो बेटियां हैं।
उन्होंने खुद एमए भी किया है। वे कहते हैं कि दोनों बेटियों को खूब पढ़ा लिखाकर शिक्षित कर उन्हें ऊंचाइयां देना चाहते हैं, उनके सपनों को पंख देना चाहते हैं। संजू कहते हैं कि जो परिस्थितियां पहले संघर्ष से भरी थी आज उनकी मेहनत रंग लाई है।घर की आर्थिक स्थिति में काफी सुधार हुआ है और घर में सब खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहे हैं । संजू बताते हैं कि वे खेती के व्यवसाय को और बढ़ाना चाहते हैं।
वे आगामी दिनों में पॉलीहाउस के निर्माण के लिए प्रयास कर रहे हैं और फूलों की खेती करना चाहते हैं। वह कहते हैं कि शासन द्वारा किसानों के लिए प्रारंभ की गई विभिन्न योजनाएं और कृषि के क्षेत्र में नए नए नवाचारों से किसान भाइयों को संबल मिल रहा है। उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। आज किसान सशक्त हो रहा है। इसके लिए उनका पूरा परिवार माननीय प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को आभार व्यक्त कर रहा है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

