राज्य कृषि समाचार (State News)

खरीफ खेती ने पकड़ी रफ्तार! छत्तीसगढ़ में 13% बुआई पूरी, किसानों को 7.28 लाख टन खाद और 3.09 लाख क्विंटल बीज मिला

03 जुलाई 2026, रायपुर: खरीफ खेती ने पकड़ी रफ्तार! छत्तीसगढ़ में 13% बुआई पूरी, किसानों को 7.28 लाख टन खाद और 3.09 लाख क्विंटल बीज मिला -छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक के साथ खरीफ सीजन की खेती ने रफ्तार पकड़ ली है। 2 जुलाई की स्थिति में प्रदेश में खरीफ फसलों की बुआई लक्ष्य का 13 प्रतिशत पूरी हो चुकी है। इस दौरान किसानों को समय पर खेती के लिए आवश्यक खाद, प्रमाणित बीज और कृषि ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। राज्य सरकार ने इस खरीफ सीजन में 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बुआई का लक्ष्य निर्धारित किया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को खेती-किसानी में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों की मांग के अनुसार प्रमाणित खाद और बीज का सुगमता से वितरण करने तथा वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज का भंडारण कर उसकी नियमित निगरानी करने को भी कहा है। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग के अधिकारी इन व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

13 प्रतिशत लक्ष्य के साथ बुआई जारी

कृषि विभाग के अनुसार, राज्य में अब तक विभिन्न खरीफ फसलों की बुआई तेजी से जारी है। प्रदेश में धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली और रामतिल जैसी फसलों की बुआई का कार्य आगे बढ़ रहा है। 2 जुलाई तक कुल 6.25 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बुआई पूरी हो चुकी है, जो इस सीजन के कुल लक्ष्य का लगभग 13 प्रतिशत है।

अधिकारियों ने बताया कि 2 जुलाई 2026 तक प्रदेश में 96.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि राज्य की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिमी है।

किसानों को मिला 7.28 लाख टन खाद और 3.09 लाख क्विंटल बीज

कृषि विभाग के अनुसार, खरीफ 2026 के लिए बीज निगम ने 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा है। इसके लिए 4.30 लाख क्विंटल बीज का भंडारण किया गया है। अब तक किसानों को 3.09 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किया जा चुका है, जो मांग का 62 प्रतिशत है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 2.67 लाख क्विंटल बीज वितरित किया गया था। उर्वरकों की उपलब्धता के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि इस खरीफ सीजन में 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके मुकाबले 13.16 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों का सहकारी और निजी क्षेत्रों में भंडारण किया जा चुका है। इनमें से अब तक किसानों को 7.28 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों का वितरण किया गया है, जो लक्ष्य का 47 प्रतिशत है।

किसानों को मिला 5,525 करोड़ रुपये का कृषि ऋण

राज्य सरकार किसानों को खेती के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के माध्यम से अल्पकालीन कृषि ऋण भी उपलब्ध करा रही है। कृषि विभाग के अनुसार, खरीफ सीजन 2026 के लिए 30 जून तक किसानों को 5,525 करोड़ रुपये का कृषि ऋण वितरित किया जा चुका है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 4,517 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया था।

इस वर्ष सरकार ने किसानों को कुल 8,800 करोड़ रुपये का कृषि ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है, ताकि उन्हें खेती के लिए समय पर वित्तीय सहायता मिल सके।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture