राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्यप्रदेश में गेहूं खरीदी में किसानों को नहीं होगी परेशानी : कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना  

19 मार्च 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश में गेहूं खरीदी में किसानों को नहीं होगी परेशानी : कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने कहा है कि राज्य सरकार ने रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। प्रदेश में गेहूं उपार्जन कार्य चरणबद्ध रूप से प्रारम्भ किया जाएगा। गेहूं खरीदी में किसानों को बिल्कुल परेशानी नहीं होगी।

सुबह 8 से रात 8 बजे तक होगी गेहूँ खरीदी

मंत्री  कंषाना ने कहा कि इंदौर, उज्जैन, भोपाल एवं नर्मदापुरम संभागों में गेहूँ खरीदी 1 अप्रैल 2026 से शुरू होगी, जबकि शेष संभागों में 7 अप्रैल 2026 से खरीदी प्रारम्भ की जाएगी। गेहूँ उपार्जन शासकीय कार्य दिवसों में प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक किया जाएगा, जिससे किसानों को सुविधाजनक समय मिल सके। राज्य सरकार ने किसानों को अतिरिक्त लाभ देने के उद्देश्य से गेहूं खरीदी पर 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही अब किसानों से गेहूं की खरीदी 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी।

19 लाख किसानों ने कराया रजिस्ट्रेशन

मंत्री कंषाना ने कहा कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिये प्रदेश के कुल 19 लाख 4 हजार 651 किसानों ने पंजीयन कराया है, जो पिछले वर्ष के 15 लाख 44 हजार किसानों की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। यह किसानों का सरकार की नीतियों पर बढ़ता विश्वास दर्शाता है।

किसानों को मिलेगी हर सुविधा

मंत्री श्री कंषाना ने कहा कि सरकार किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सभी खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए ठंडे पेयजल, पंखों, छाया तथा आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जा रही है, जिससे किसानों को धूप में खड़े होकर किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मंत्री श्री कंषाना ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध ढंग से संचालित की जाए तथा किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements