राजस्थान में किसानों को घर बैठे मिलेगा खाद, 25 अगस्त से FFS ऐप पर शुरू होगी ऑनलाइन बुकिंग
25 अगस्त 2026, जयपुर: राजस्थान में किसानों को घर बैठे मिलेगा खाद, 25 अगस्त से FFS ऐप पर शुरू होगी ऑनलाइन बुकिंग – किसानों को पारदर्शी एवं सुलभ तरीके से अनुदानित उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजस्थान कृषि विभाग द्वारा फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल (FFS) व्यवस्था लागू की गई है। इस नई व्यवस्था के तहत 25 अगस्त से किसान FFS मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे उर्वरक की ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। अब किसानों को डीएपी, यूरिया, एनपीके (NPK) सहित अन्य उर्वरकों के लिए दुकानों अथवा वितरण केंद्रों पर लंबी कतारों में लगने की आवश्यकता नहीं होगी।
किसान अपनी फार्मर आईडी अथवा आधार कार्ड के माध्यम से ऐप पर लॉगिन कर अपने नजदीकी पंजीकृत उर्वरक विक्रेता के यहां उपलब्ध खाद की जानकारी देखकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। FFS व्यवस्था के माध्यम से किसानों को उनकी फसल एवं भूमि के प्रकार के अनुसार वैज्ञानिक सिफारिशों के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे उर्वरकों के अंधाधुंध उपयोग पर रोक लगाने तथा संतुलित एवं उचित मात्रा में उर्वरक उपयोग को बढ़ावा देने में भी सहायता मिलेगी।
नई व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिला एवं ब्लॉक स्तर पर उर्वरक विक्रेताओं को FFS प्रणाली का आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा चुका है। वहीं किसानों को ऐप के प्रति जागरूक करने और इसकी कार्यप्रणाली से अवगत कराने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।
संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार), जिला परिषद चित्तौड़गढ़ डॉ. शंकर लाल जाट ने जिले के सभी किसान भाइयों से FFS मोबाइल ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर फार्मर आईडी के माध्यम से इस डिजिटल व्यवस्था का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या आने पर किसान अपने क्षेत्र के सहायक कृषि अधिकारी अथवा कृषि पर्यवेक्षक से संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त जिला स्तर पर संचालित नियंत्रण कक्ष से भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

