एमपी के किसानों को मिलेगा अतिरिक्त बोनस, समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की तैयारी
23 मार्च 2026, भोपाल: एमपी के किसानों को मिलेगा अतिरिक्त बोनस, समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की तैयारी – एमपी के किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने घोषणा की है कि राज्य सरकार ने समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार सरकार ने किसानों को आर्थिक संबल देने के लिए 40 रुपये प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।
राज्य सरकार के इस निर्णय के बाद अब प्रदेश के किसानों से गेहूं की खरीदी 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। मंत्री कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें उनकी मेहनत का वाजिब दाम दिलाना है।
कृषि मंत्री ने कहा कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन के लिये प्रदेश के कुल 19 लाख 4 हजार 651 किसानों ने पंजीयन कराया है, जो पिछले वर्ष के 15 लाख 44 हजार किसानों की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। यह किसानों का सरकार की नीतियों पर बढ़ता विश्वास दर्शाता है।
1 अप्रैल 2026 से: इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभागों में खरीदी शुरू होगी।
7 अप्रैल 2026 से: प्रदेश के शेष सभी संभागों में उपार्जन कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
समय: सभी शासकीय कार्य दिवसों में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक खरीदी की जाएगी।
सुविधाएं
कृषि मंत्री ने बताया कि सरकार किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सभी खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए ठंडे पेयजल, पंखों, छाया तथा आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जा रही है, जिससे किसानों को धूप में खड़े होकर किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध ढंग से संचालित की जाए तथा किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

