राज्य कृषि समाचार (State News)

खातेगांव में नकली कीटनाशक का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार, 50 लीटर कीटनाशक जब्त  

12 अप्रैल 2026, देवासखातेगांव में नकली कीटनाशक का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार, 50 लीटर कीटनाशक जब्त – देवास जिला प्रशासन का प्रयास है कि किसानों को अच्छी क्वालिटी के खाद, बीज एवं कीटनाशक मिले। कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह के निर्देश हैं कि  जिले में अगर कोई भी व्यक्ति नकली या मिलावटी खाद, बीज एवं कीटनाशक बेचते हुए पाए जाए तो उन पर कार्रवाई करें। इसी कड़ी में कृषि विभाग ने गत दिनों कार्रवाई करते हुए क्षेत्र के किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कृषि विभाग द्वारा नकली कीटनाशक बेचने के आरोप में तीन व्यक्तियों को पकड़ा  तथा उनके पास से भारी मात्रा में अवैध उत्पाद और एक कार बरामद की है।

उपसंचालक कृषि श्री गोपेश पाठक ने बताया कि वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी खातेगांव को सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ व्यक्ति एक सफेद रंग की सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार में स्टिका न्यूट्रीकेम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के नाम पर नकली कीटनाशक स्टिका डिफेंडर एफ-16 बाजार में बेचने का प्रयास कर रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस और कृषि विभाग की टीम ने घेराबंदी कर उक्त वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 50 लीटर नकली कीटनाशक बरामद किया गया, जो बिना किसी वैध लाइसेंस या पंजीकरण के बेचा जा रहा था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिसमें राजू मोरान्या पिता रेवाराम मोरान्या, निवासी सनावद, मनोज बिरला पिता दिनेश बिरला निवासी खेड़ीबुजुर्ग जिला खंडवा एवं शांतिलाल चौधरी पिता भगवान चौधरी निवासी राईझर जिला खरगोन को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध  कीटनाशी अधिनियम 1968 की धारा 29 (1) (क), 29 (1) (ख), 29 (1) (ग), और भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने बरामद उत्पाद को पूरी तरह से नकली पाया है, जिससे किसानों की फसल और मिट्टी को गंभीर नुकसान पहुँच सकता था। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही कृषि इनपुट खरीदें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या उत्पाद की जानकारी तत्काल अपने क्षेत्र के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी को दें।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements