हर खेत को मिलेगा पानी, एक लाख करोड़ के बजट से संवरेगा एमपी का किसान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
28 फरवरी 2026, भोपाल: हर खेत को मिलेगा पानी, एक लाख करोड़ के बजट से संवरेगा एमपी का किसान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार “हर खेत को पानी” के लक्ष्य के साथ काम कर रही है और किसान कल्याण के लिए वर्ष 2026-27 के बजट में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा और मंडियों के उन्नयन से प्रदेश का किसान आर्थिक रूप से सशक्त बनेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को सागर जिले के गढ़ाकोटा में ऐतिहासिक रहस मेले के शुभारंभ और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की राशि अंतरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा, रहली में फूड पार्क की घोषणा
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि रहली क्षेत्र में कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए फूड पार्क स्थापित किया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा।
उन्होंने कहा कि किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत कृषि व्यापार गतिविधियों को बढ़ाने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि उत्पादन से लेकर प्रसंस्करण तक किसानों को लाभ मिल सके।
मंडियों के उन्नयन और सड़क विकास की सौगात
मुख्यमंत्री ने रहली और गढ़ाकोटा कृषि उपज मंडी के उन्नयन के लिए 5-5 करोड़ रुपये तथा शाहपुर उपमंडी के विकास के लिए 1 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी।
इसके साथ ही खेजरा-शाहपुर-मोकलपुर फ्लाईओवर निर्माण, रहली रमखिरिया-सिमरिया नायक-बहेरिया मढ़ी (लगभग 22 किमी) मार्ग के चौड़ीकरण और उन्नयन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क और बाजार सुविधाएं किसानों को सीधे लाभ पहुंचाएंगी।
32.78 लाख हितग्राहियों को 196.72 करोड़ की पेंशन राशि
मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत जनवरी माह (फरवरी 2026 भुगतान) की 196.72 करोड़ रुपये की राशि 32.78 लाख से अधिक हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक से अंतरित की। इस योजना के तहत प्रति हितग्राही 600 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की सेवा और सम्मान में कोई कमी नहीं रखी जाएगी।
बीड़ी उद्योग, तेंदूपत्ता और लघु उद्योगों को मिलेगा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र में बीड़ी उद्योग और तेंदूपत्ता संग्रहण लाखों परिवारों की आजीविका का आधार है। इन क्षेत्रों के उन्नयन के लिए जनप्रतिनिधियों की कमेटी गठित कर ठोस कार्ययोजना बनाई जाएगी। हस्तशिल्प और सूक्ष्म उद्योगों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
शिक्षा और खेल सुविधाओं का विस्तार
उन्होंने घोषणा की कि गढ़ाकोटा और रहली में मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स बनाए जाएंगे। ढाना शासकीय महाविद्यालय में वाणिज्य एवं इतिहास संकाय की नई कक्षाएं शुरू होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सांदीपनि विद्यालयों में विद्यार्थियों को गणवेश, किताबें और साइकिल नि:शुल्क दी जा रही हैं तथा स्कूल टॉपर्स को स्कूटी प्रदान की जाती है।
“बुंदेलखंड की वीर भूमि को नमन”
मुख्यमंत्री ने 217 वर्ष पुराने रहस मेले के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए आल्हा-ऊदल की वीरता को नमन किया और कहा कि बुंदेलखंड की धरती पर आकर मन आनंदित हो जाता है।
उन्होंने कहा कि सरकार कृषि, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

