छिंदवाड़ा: चारगांव कर्बल कृषि नवाचार का प्रेरणादायक केंद्र बनकर उभरा
यहां के किसान कर रहे प्रति एकड़ 3 लाख तक की कमाई
20 मार्च 2026, छिंदवाड़ा: छिंदवाड़ा: चारगांव कर्बल कृषि नवाचार का प्रेरणादायक केंद्र बनकर उभरा – किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत शासन द्वारा किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए अनेक पहल की जा रही हैं। फसल विविधीकरण को बढ़ावा, प्राकृतिक एवं जैविक खेती को प्रोत्साहन, उन्नत तकनीकों का विस्तार, गुणवत्तायुक्त बीज की उपलब्धता तथा किसान उत्पादक संगठनों के माध्यम से विपणन व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। साथ ही किसानों को प्रशिक्षण एवं तकनीकी मार्गदर्शन देकर बाजार आधारित खेती के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप जिले के विकासखंड मोहखेड़ का ग्राम चारगांव कर्बल कृषि नवाचार का एक प्रेरणादायक केंद्र बनकर उभर रहा है। यहां के किसानों ने फसल विविधीकरण और प्राकृतिक खेती अपनाकर अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि की है। विशेष रूप से गेंदा फूल की खेती से किसान प्रति एकड़ 2.50 से 3.00 लाख रुपये तक का लाभ अर्जित कर रहे हैं।
किसान श्री रघुवर भादे द्वारा नवरात्रि को ध्यान में रखते हुए लगभग छह माह पूर्व गेंदा की रोपाई की गई थी, जिसका उन्हें वर्तमान में अच्छा लाभ मिल रहा है। उनका गेंदा फूल लगभग 50 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक रहा है। इसके साथ ही नवरात्रि में शकरकंद की अधिक मांग का लाभ भी किसानों को मिल रहा है। ग्राम के किसानों ने सूरजमुखी, शकरकंद, चुकंदर, गेंदा एवं जैविक मक्का जैसी फसलों को अपनाकर फसल विविधीकरण का सफल मॉडल प्रस्तुत किया है। किसान श्री शिवलाल भादे द्वारा गेंदा के साथ अंतरवर्ती फसल के रूप में पर्रास की खेती की जा रही है, जबकि किसान श्री बालकराम भादे प्राकृतिक तरीके से उन्नत तकनीक के साथ चुकंदर की खेती कर रहे हैं।
क्षेत्र में राजाभोज फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी द्वारा किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन एवं गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे किसान आधुनिक तकनीकों को अपनाकर बेहतर उत्पादन और आय प्राप्त कर रहे हैं। कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत चारगांव कर्बल का यह मॉडल अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रहा है, जहां खेती को लाभकारी और टिकाऊ व्यवसाय के रूप में विकसित किया जा रहा है।
गत दिवस उप संचालक कृषि श्री जितेन्द्र कुमार सिंह, प्रमुख वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र चंदनगांव डॉ. आर.के. झाडे, कृषि वैज्ञानिक श्रीमती रिया ठाकुर सहित कृषि अधिकारियों की टीम द्वारा ग्राम का भ्रमण किया गया। इस दौरान वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी मोहखेड़ श्री डी.एस. घाघरे, कृषि विस्तार अधिकारी श्री बी.एल. सरयाम, श्री पंकज पराडकर, बीटीएम आत्मा श्रीमती प्रिया कराडे, कृषक सखी श्रीमती प्रियंका सोनी, कृषक श्री सहसराम भादे सहित ग्राम के अन्य कृषक उपस्थित थे। टीम द्वारा किसानों के खेतों का अवलोकन कर उन्हें आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

