Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

छत्तीसगढ़ का सुगंधित जीआई टैग वाला ‘नगरी दुबराज’ चावल पहुंचा जापान, महिला किसानों ने FPO से बनाई नई पहचान  

01 अक्टूबर2026, रायपुर: छत्तीसगढ़ का सुगंधित जीआई टैग वाला ‘नगरी दुबराज’ चावल पहुंचा जापान, महिला किसानों ने FPO से बनाई नई पहचान – छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के सुदूर नगरी अंचल का सुगंधित चावल ‘नगरी दुबराज’ अब देश की सीमाओं को पार कर जापान के बाजार तक पहुंच गया है। कभी स्थानीय खेतों और रसोई तक सीमित रहने वाला यह पारंपरिक चावल आज देश के कई राज्यों में अपनी पहचान बना चुका है। इसके पीछे नगरी अंचल की महिला किसानों की अहम भूमिका है, जिन्होंने गट्टासिल्ली फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (FPO) के माध्यम से किसानों को संगठित कर खेती और कारोबार को नया रूप दिया।

जीआई टैग से मिली अलग पहचान

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत नगरी दुबराज को नगरी अंचल की पीढ़ियों पुरानी कृषि और सांस्कृतिक विरासत के रूप में बढ़ावा दिया गया। अपनी प्राकृतिक सुगंध और स्वाद के कारण इस चावल को जीआई टैग भी मिला है।

गट्टासिल्ली एफपीओ ने किसानों को संगठित कर पारंपरिक खेती को जैविक उत्पादन, मूल्य संवर्धन, बेहतर पैकेजिंग और ब्रांडिंग से जोड़ा। इसके जरिए नगरी दुबराज को प्रीमियम उत्पाद के रूप में बाजार में उतारा गया।

महिला किसानों ने संभाली FPO की कमान

इस बदलाव में नगरी अंचल की महिला किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। महिलाएं अब केवल खेती तक सीमित नहीं हैं, बल्कि एफपीओ के प्रबंधन, गुणवत्ता नियंत्रण, पैकेजिंग, सामूहिक सौदेबाजी और डिजिटल मार्केटिंग से जुड़े फैसलों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। इस सामूहिक मॉडल से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिला है।

जापान तक पहुंची नगरी दुबराज की खुशबू

गट्टासिल्ली एफपीओ की पहल से नगरी दुबराज की पहुंच स्थानीय बाजारों से आगे बढ़कर देश के अलग-अलग राज्यों और जापान तक हुई है। गुणवत्ता मानकों, जैविक पद्धति और वैज्ञानिक पैकेजिंग के जरिए इसकी खेप जापान भेजी गई है। देश के विभिन्न राज्यों में भी नगरी दुबराज की मांग है। इससे स्थानीय स्तर पर तैयार इस पारंपरिक चावल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में मदद मिली है।

Amazon और ONDC पर भी उपलब्ध

उपभोक्ताओं तक सीधे पहुंच बनाने के लिए एफपीओ ने डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी इस्तेमाल शुरू किया है। नगरी दुबराज अब Amazon, ONDC और Tribes India जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। इससे देश के अलग-अलग हिस्सों के उपभोक्ता इसे ऑनलाइन खरीद सकते हैं।

जिला प्रशासन और PRADAN का मिला सहयोग

महिला किसानों और एफपीओ को मजबूत बनाने में धमतरी जिला प्रशासन के मार्गदर्शन के साथ गैर-सरकारी संगठन PRADAN का भी सहयोग रहा। संस्था ने महिलाओं के क्षमता निर्माण, जैविक कृषि प्रशिक्षण, संस्थागत मजबूती और बाजार से सीधे संपर्क स्थापित करने में तकनीकी और रणनीतिक सहयोग दिया।

गट्टासिल्ली एफपीओ का उद्देश्य नगरी दुबराज को सिर्फ एक ब्रांड के रूप में स्थापित करना नहीं, बल्कि इसे छत्तीसगढ़ की पहचान के तौर पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत पहचान दिलाना है। यह पहल पारंपरिक कृषि, महिला नेतृत्व, आधुनिक तकनीक और बाजार से जुड़ाव के जरिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक उदाहरण के रूप में सामने आई है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture