राज्य कृषि समाचार (State News)

छत्तीसगढ़: खरीफ फसलों के बीमा का पंजीयन शुरू, किसान 31 जुलाई तक कराएं आवेदन

16 जुलाई 2026, रायपुर: छत्तीसगढ़: खरीफ फसलों के बीमा का पंजीयन शुरू, किसान 31 जुलाई तक कराएं आवेदन – खरीफ सीजन 2026 में छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के तहत खरीफ फसलों के बीमा के लिए 12 जुलाई 2026 से पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो गई है। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे 31 जुलाई 2026 की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा अवश्य करा लें।

कृषि विभाग के अनुसार इस वर्ष एल नीनो (El Niño) के संभावित प्रभाव के कारण प्रदेश के कई क्षेत्रों में कम या अनियमित वर्षा की संभावना जताई गई है। ऐसे में सूखा, अतिवृष्टि, बाढ़ तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को नुकसान होने का खतरा बढ़ सकता है। इन परिस्थितियों में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा का मजबूत माध्यम साबित होगी।

विभाग ने बताया कि फसल बीमा के माध्यम से प्राकृतिक आपदाओं, प्रतिकूल मौसम, कीट एवं रोगों सहित अन्य जोखिमों से होने वाली फसल क्षति की स्थिति में किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इससे विपरीत परिस्थितियों में किसानों को राहत मिलती है और उनकी आर्थिक स्थिति पर पड़ने वाला प्रभाव कम होता है।

कृषि विभाग ने किसानों से आग्रह किया है कि वे अपने निकटतम बैंक, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) अथवा अधिकृत ऑनलाइन माध्यम से निर्धारित समय-सीमा के भीतर बीमा कराएं। आवेदन के समय आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण, भूमि संबंधी दस्तावेज तथा आवश्यक अभिलेख साथ रखें।

विभाग ने किसानों से मौसम संबंधी सलाह का पालन करने और वैज्ञानिक खेती की तकनीकों को अपनाने की भी अपील की है, ताकि खरीफ फसलों को संभावित प्राकृतिक जोखिमों से सुरक्षित रखा जा सके। समय पर फसल बीमा कराकर किसान किसी भी अप्रत्याशित प्राकृतिक आपदा की स्थिति में आर्थिक नुकसान से काफी हद तक बचाव कर सकते हैं।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture