राज्य कृषि समाचार (State News)

छत्तीसगढ़: सरकारी योजना से बदली किसान नेतराम की खेती, मुफ्त उन्नत मक्का बीज से बढ़ी बेहतर पैदावार की उम्मीद  

03 अगस्त 2026, रायपुर: छत्तीसगढ़: सरकारी योजना से बदली किसान नेतराम की खेती, मुफ्त उन्नत मक्का बीज से बढ़ी बेहतर पैदावार की उम्मीद – किसानों की आय बढ़ाने, खेती की लागत कम करने और मोटे अनाजों के उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रायपुर कृषि विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन (मोटा अनाज) के तहत कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ अब किसानों तक पहुंच रहा है, जिससे वे आधुनिक और वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड के ग्राम गहिला निवासी किसान नेतराम इसकी एक मिसाल बनकर सामने आए हैं।

मुफ्त मिला उन्नत किस्म का मक्का बीज

किसान नेतराम को वर्ष 2026 में कृषि विभाग द्वारा आयोजित मक्का प्रदर्शन कार्यक्रम के तहत 15 किलोग्राम उन्नत किस्म का मक्का बीज निःशुल्क उपलब्ध कराया गया। यह सहायता राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन (मोटा अनाज) के अंतर्गत दी गई, जिससे उनकी खेती को नई दिशा मिली है।

नेतराम के पास करीब 2.60 हेक्टेयर कृषि भूमि है, जो उनके परिवार की आजीविका का मुख्य आधार है। उनका कहना है कि गुणवत्तापूर्ण बीज मिलने से बेहतर फसल उत्पादन की संभावना बढ़ी है और बीज खरीदने में होने वाला खर्च भी बच गया है, जिससे खेती की लागत कम हुई है।

वैज्ञानिक खेती से बढ़ा आत्मविश्वास

नेतराम ने बताया कि कृषि विभाग के अधिकारियों ने केवल बीज ही उपलब्ध नहीं कराया, बल्कि मक्का की वैज्ञानिक खेती, उन्नत बुवाई तकनीक, बीज उपचार, संतुलित उर्वरक प्रबंधन और फसल संरक्षण की भी विस्तृत जानकारी दी। इससे उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आत्मविश्वास मिला है और इस बार बेहतर पैदावार की उम्मीद है।

समय पर सहायता से बढ़ेगा उत्पादन

किसान नेतराम का मानना है कि यदि किसानों को समय पर उन्नत बीज, उर्वरक और तकनीकी मार्गदर्शन मिलता रहे तो कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। इससे न केवल खेती की लागत कम होगी, बल्कि किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों के लिए काफी लाभकारी साबित हो रही हैं। समय पर मिलने वाली सहायता और वैज्ञानिक सलाह से किसानों का आत्मविश्वास बढ़ रहा है और वे आधुनिक खेती की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

अन्य किसानों से भी की योजना का लाभ लेने की अपील

नेतराम ने केंद्र सरकार, राज्य सरकार और कृषि विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं खेती को अधिक लाभकारी बनाने, किसानों की आय बढ़ाने और मोटे अनाजों के उत्पादन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अन्य किसानों से भी शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने की अपील की।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture