किसानों के लिए बड़ी सौगात, छत्तीसगढ़ में 21 सिंचाई योजनाओं पर खर्च होंगे ₹76.93 करोड़
03 सितंबर 2026, रायपुर: किसानों के लिए बड़ी सौगात, छत्तीसगढ़ में 21 सिंचाई योजनाओं पर खर्च होंगे ₹76.93 करोड़ – छत्तीसगढ़ सरकार के जल संसाधन विभाग ने राज्य में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 21 सिंचाई योजनाओं के लिए 76 करोड़ 93 लाख 85 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं के तहत जलाशयों के जीर्णोद्धार, नहरों की सीसी लाइनिंग, एनीकट निर्माण एवं मरम्मत के साथ बाढ़ नियंत्रण से जुड़े कार्य किए जाएंगे। इससे विभिन्न जिलों में सिंचाई सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
कांकेर में पांच योजनाओं को मंजूरी
कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा ब्लॉक में लघु जलाशय पी.व्ही. 114 के जीर्णोद्धार एवं लाइनिंग के लिए 2.72 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे 28.4 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी। वहीं पी.व्ही. 36 जलाशय के लिए 4.96 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है, जिससे 400.2 हेक्टेयर क्षेत्र लाभान्वित होगा।
पानीडोबरी एनीकट-कम-काजवे के लिए 3.41 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं, जिससे 60 हेक्टेयर में सिंचाई सुविधा विकसित होगी। चारामा के गोलकुम्हड़ा जलाशय के लिए 4.50 करोड़ रुपये और कांकेर ब्लॉक के मरकाटोला व्यपवर्तन की कन्हारपुरी शाखा नहर की लाइनिंग के लिए 4.99 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों से क्रमश: 110 और 300 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
कोंडागांव में जलाशय और एनीकट होंगे मजबूत
कोंडागांव जिले के फरसगांव ब्लॉक के बड़ेडोंगर जलाशय के लिए 3.35 करोड़ रुपये और लंजोड़ा उद्वहन योजना के लिए 3.88 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे क्रमश: 50 और 295 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी। माकड़ी ब्लॉक के श्यामपुर व्यपवर्तन के लिए 3.45 करोड़ रुपये, घोड़ागांव एनीकट की मरम्मत एवं गेट निर्माण के लिए 4.28 करोड़ रुपये तथा कोंडागांव ब्लॉक के सोनाबाल जलाशय के लिए 1.95 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इन योजनाओं से 201, 100 और 55 हेक्टेयर क्षेत्र को लाभ मिलेगा।
बस्तर में सिंचाई के साथ बाढ़ नियंत्रण पर फोकस
बस्तर जिले के बस्तर ब्लॉक में मुंजला तालाब के लिए 2.47 करोड़ रुपये तथा बकावंड के ग्राम संतोषा में मारकंडी नदी पर स्टॉपडेम निर्माण के लिए 3.45 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनसे क्रमश: 30 और 70 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा विकसित होगी। जगदलपुर में इंद्रावती नदी पर तटरक्षण एवं बाढ़ प्रबंधन के लिए 4.04 करोड़ रुपये और बाढ़ नियंत्रण कार्यों के लिए 4.15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा चित्रकोट जलप्रपात में कैन्टीलीवर ग्लासडेक ब्रिज निर्माण के लिए 4.90 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
दंतेवाड़ा में 600 से ज्यादा हेक्टेयर को मिलेगा लाभ
दंतेवाड़ा जिले के गीदम ब्लॉक में बारसूर जलाशय के जीर्णोद्धार के लिए 4.99 करोड़ रुपये, कुम्हाररास जलाशय के लिए 4.98 करोड़ रुपये और बालूद एनीकट के लिए 2.92 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों से क्रमश: 217, 320 और 70 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर के लिए भी राशि मंजूर
सुकमा जिले के कोण्टा स्थित बण्डा जलाशय के उन्नयन के लिए 1.74 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे 115 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी। बीजापुर जिले में निरीक्षण गृह निर्माण के लिए 1.90 करोड़ रुपये और नारायणपुर जिले में शासकीय एवं जल संसाधन कार्यालय भवनों के जीर्णोद्धार तथा पाइपलाइन सुधार के लिए 4.07 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सरकार की ओर से स्वीकृत इन योजनाओं के माध्यम से जलाशयों, नहरों और एनीकट से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने के साथ सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और बाढ़ नियंत्रण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

