राज्य कृषि समाचार (State News)

कृषि अधिकारियों के संयुक्त दल ने ग्रामों का किया भ्रमण

13 जनवरी 2026, इंदौर: कृषि अधिकारियों के संयुक्त दल ने ग्रामों का किया भ्रमण – शीतलहर और अत्यधिक ठंड के चलते जिले में फसलों की वास्तविक स्थिति की जानकारी एकत्रित करने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र आलीराजपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. आर.के. यादव, परियोजना संचालक आत्मा श्री दादू सिंह मौर्य तथा परियोजना उप संचालक आत्मा श्री बी.एस. बघेल के संयुक्त दल ने  गत दिनों आलीराजपुर जिले के खारकुआं, मयाला, बेगड़ी, खरपाई, राजावाट सहित विभिन्न ग्रामों का भ्रमण किया।

भ्रमण के दौरान संयुक्त दल ने गेहूं, चना, मक्का, बाजरा आदि फसलों की स्थिति का निरीक्षण किया। बुआई के अनुसार फसलों में फूल, फल, कल्ले, बालियां एवं भुट्टों की स्थिति अच्छी पाई गई, जिससे किसानों में संतोष का माहौल देखा गया। कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा जिले की कृषि सखियों को नवाचार के तहत प्रदाय किए गए कुसुम फसल के बीजों से उगाई गई फसल का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में कुसुम फसल की स्थिति संतोषजनक पाई गई तथा यह फसल जिले में अधिक आमदनी प्राप्त करने के लिए उपयुक्त बताई गई।

इस दौरान संयुक्त दल ने ग्रामों के कृषकों की फसल संबंधी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और मौके पर ही समाधान भी बताया। वैज्ञानिकों द्वारा कीट प्रबंधन के लिए आवश्यक सलाह दी गई। मक्का फसल में तने की इल्ली के नियंत्रण हेतु इमामेक्टिन बेंजोएट 10 ग्राम प्रति पंप छिड़काव की सलाह दी गई।चना फसल में इल्ली के प्रकोप पर प्रोफेनोफॉस कीटनाशक 45 मिली प्रति पंप छिड़काव करने को कहा गया।वहीं सब्जी फसलों में माहू सहित अन्य रस चूसक कीटों के नियंत्रण के लिए इमिडाक्लोप्रिड 7 से 10 मिली प्रति पंप छिड़काव करने की सलाह दी गई।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements