राज्य कृषि समाचार (State News)

राजस्थान के 40 प्रगतिशील किसान सीखेंगे आधुनिक खेती के गुर, प्रशिक्षण के लिए उत्तर प्रदेश रवाना

05 अगस्त 2026, जयपुर: राजस्थान के 40 प्रगतिशील किसान सीखेंगे आधुनिक खेती के गुर, प्रशिक्षण के लिए उत्तर प्रदेश रवाना – राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की बजट घोषणा के तहत राजस्थान सरकार किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और उनकी आय बढ़ाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में कृषि विभाग की आत्मा परियोजना के अंतर्गत बीकानेर जिले के 40 प्रगतिशील युवा किसानों के दल को सात दिवसीय अंतरराज्यीय कृषक भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए उत्तर प्रदेश रवाना किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 3 से 9 अगस्त 2026 तक आयोजित होगा, जिसमें किसान आधुनिक कृषि, उद्यानिकी और जल संरक्षण से जुड़ी नई तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

कृषि भवन, बीकानेर से रवाना हुए किसानों के दल को उप निदेशक कृषि जयदीप दोगने और परियोजना निदेशक बी.एल. डाबला ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने के साथ उनकी खेती को अधिक लाभकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

चार शहरों में मिलेगा आधुनिक खेती का प्रशिक्षण

उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जिले में दलहन, सब्जी और औषधीय फसलों के क्षेत्र विस्तार की संभावनाओं को देखते हुए किसानों को आगरा, लखनऊ, वाराणसी और कानपुर भेजा गया है। भ्रमण के दौरान किसान विभिन्न कृषि एवं उद्यानिकी संस्थानों का दौरा करेंगे, जहां उन्हें मृदा एवं जल संरक्षण, उन्नत खेती की तकनीकों, सब्जी एवं औषधीय फसलों के उत्पादन, फसल प्रबंधन और आधुनिक कृषि पद्धतियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

औषधीय फसलों की खेती पर मिलेगा विशेष जोर

उन्होंने बताया कि बीकानेर क्षेत्र में मृदा एवं जल संरक्षण तकनीकों को अपनाकर किसान सब्जियों और औषधीय पौधों की खेती से बेहतर आय अर्जित कर रहे हैं। इन फसलों के क्षेत्र विस्तार की अच्छी संभावनाओं को देखते हुए सरकार किसानों को प्रोत्साहित कर रही है। औषधीय फसलों की खेती के लिए अधिकतम एक हेक्टेयर क्षेत्र तक अनुदान दिया जाता है। इसके तहत 1.50 लाख रुपये की लागत पर सामान्य क्षेत्रों के किसानों को 40 प्रतिशत तथा अनुसूचित क्षेत्रों के किसानों को 50 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध कराया जाता है।

खेती में बढ़ेगी तकनीक, उत्पादन और आय

कृषि विभाग के अनुसार, इस प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक खेती की नवीन तकनीकों से अवगत कराना है, ताकि वे अपने क्षेत्रों में इन तकनीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने के साथ खेती की लागत कम कर सकें। इससे फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।

आत्मा परियोजना के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों के साथ प्रशिक्षण प्रभारी सहायक कृषि अधिकारी परतनाथ तथा सह-प्रभारी वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक भागीरथ कुलरिया भी रवाना हुए। इस अवसर पर जिला विस्तार अधिकारी रामकिशोर मेहरा, उप परियोजना निदेशक (आत्मा) ममता, कृषि अधिकारी (उद्यान) रमेश भाम्भू सहित विभागीय अधिकारी और प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture