7 फरवरी को सीहोर में राष्ट्रीय दलहन कॉन्फ्रेंस, देशव्यापी दाल उत्पादन का रोडमैप होगा तैयार
05 फरवरी 2026, नई दिल्ली: 7 फरवरी को सीहोर में राष्ट्रीय दलहन कॉन्फ्रेंस, देशव्यापी दाल उत्पादन का रोडमैप होगा तैयार – केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) तथा आईकार्डा (ICARDA) के सहयोग से देश में दलहन क्षेत्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से 7 फरवरी, 2026 को मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में दलहन कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे।
इस महत्वपूर्ण आयोजन में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित देश के सभी राज्यों के कृषि मंत्रियों को आमंत्रित किया गया है। दलहन कॉन्फ्रेंस के सफल आयोजन की तैयारियों के क्रम में बुधवार को केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
इस अवसर पर उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि कॉन्फ्रेंस में देश के सभी राज्यों के कृषि मंत्रियों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि राज्यों के कृषि मंत्रियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श के माध्यम से दलहन उत्पादन बढ़ाने तथा किसानों की दलहन की खेती से आय में वृद्धि के उपायों पर चर्चा की जाएगी। इस विचार-विमर्श के आधार पर पूरे देश के लिए एक समग्र दलहन रोडमैप जारी किया जाएगा।
कॉन्फ्रेंस के दौरान केन्द्रीय कृषि मंत्री किसानों से प्रत्यक्ष संवाद भी करेंगे। कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों के साथ-साथ केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
इसके अतिरिक्त, केन्द्रीय कृषि मंत्री द्वारा फूड लेग्यूम्स रिसर्च सेंटर (FLRP), सीहोर में प्रशासनिक भवन, किसान प्रशिक्षण केंद्र तथा उन्नत प्रयोगशालाओं का उद्घाटन भी उसन दिन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत दलहन विषयक प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा जिससे किसानों को नवीन तकनीकों एवं अनुसंधान उपलब्धियों की जानकारी मिल सकेगी I
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


