कृषि क्षेत्र में नवाचार का विस्तार, एग्रीनोवेट इंडिया ने केंद्र को दिया ₹3.39 करोड़ का लाभांश
14 मार्च 2026, नई दिल्ली: कृषि क्षेत्र में नवाचार का विस्तार, एग्रीनोवेट इंडिया ने केंद्र को दिया ₹3.39 करोड़ का लाभांश – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को शुक्रवार को दिल्ली में एग्रीनोवेट इंडिया लिमिटेड ने वित्तीय वर्ष 2024–25 के लिए ₹3,39,97,362 का लाभांश अदा किया। एग्रीनोवेट इंडिया लि., कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (DARE), कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अधीन भारत सरकार का एक नवरत्न उपक्रम है। यह वितरण निवेश एवं सार्वजनिक संपत्ति प्रबंधन विभाग (DIPAM) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया गया है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एग्रीनोवेट इंडिया, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) की सृजनात्मक क्षमता और किसानों की व्यावहारिक आवश्यकता के बीच एक सशक्त पुल का कार्य कर रहा है। कृषि नवाचारों के हस्तांतरण और तकनीकी उद्यमिता को बढ़ावा देने में संस्थान का योगदान सराहनीय है। यह आत्मनिर्भर भारत के कृषि लक्ष्य को सशक्त करने वाली पहल है।मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ प्रवीण मलिक ने कहा कि यह लाभांश कंपनी की वित्तीय सुदृढ़ता, सुशासन और निरंतर नवाचार के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कार्यक्रम में एग्रीनोवेट इंडिया लि. के अध्यक्ष एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट तथा गैर-सरकारी निदेशक आनंद मोहन अवस्थी उपस्थित थे।
2011 में स्थापित, एग्रीनोवेट इंडिया लि., ICAR की व्यावसायिक शाखा के रूप में कार्य करती है। संस्थान का उद्देश्य कृषि अनुसंधान, प्रौद्योगिकी और नवाचार को व्यावहारिक वाणिज्यिक उपयोग में लाकर किसानों, स्टार्ट-अप्स और उद्यमियों को लाभान्वित करना है। यह लाभांश वितरण एग्रीनोवेट इंडिया की वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता, और भारत के कृषि नवाचार पारिस्थितिकी को सशक्त बनाने की उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को और बल प्रदान करता है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

