फसल की खेती (Crop Cultivation)

आलू की खेती में काम आएंगे ये कृषि यंत्र, बुवाई से लेकर खुदाई तक आसान होगा काम; जानें उपयोग

17 अगस्त 2026, नई दिल्ली: आलू की खेती में काम आएंगे ये कृषि यंत्र, बुवाई से लेकर खुदाई तक आसान होगा काम; जानें उपयोग – आलू की खेती में खेत तैयार करने से लेकर बुवाई, निराई-गुड़ाई, फसल पर दवा के छिड़काव और खुदाई तक कई तरह के काम करने पड़ते हैं। इन कामों में कृषि यंत्रों का इस्तेमाल करने से समय और श्रम दोनों की बचत होती है। हिमाचल प्रदेश कृषि विभाग के अनुसार, ट्रैक्टर, पावर टिलर, पावर वीडर, पोटैटो प्लांटर और पोटैटो डिगर समेत कई उपकरण आलू की खेती में उपयोगी हैं।

ट्रैक्टर

ट्रैक्टर खेती में इस्तेमाल होने वाली प्रमुख कृषि मशीनरी है। खेत तैयार करने से लेकर फसल को मंडी तक पहुंचाने में इसका इस्तेमाल किया जाता है। ट्रैक्टर के साथ कल्टीवेटर, रोटावेटर समेत कई कृषि यंत्र जोड़े जा सकते हैं। इसका इस्तेमाल जुताई, रोपण और कटाई जैसे कामों में किया जा सकता है। इसके अलावा हल, टिलर, घास काटने की मशीन, लोडर और स्प्रेयर जैसे उपकरण भी ट्रैक्टर के साथ लगाए जा सकते हैं। खाद, बीज और उर्वरकों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने तथा कटाई के बाद फसल की ढुलाई में भी ट्रैक्टर उपयोगी है।

पावर टिलर

पावर टिलर आधुनिक कृषि यंत्र है, जिसका इस्तेमाल खेत की जुताई, बुवाई, रोपाई, भूमि समतलीकरण और फसल कटाई सहित कई कामों में किया जाता है। यह ट्रैक्टर की तुलना में हल्का होता है और इसे चलाना भी आसान होता है। यह पेट्रोल और डीजल दोनों से चल सकता है। पावर टिलर में अलग-अलग कृषि यंत्र जोड़कर जुताई, समतलीकरण, बुवाई, रोपाई, कीटनाशक छिड़काव, निराई-गुड़ाई, पानी पंप करने, फसल कटाई और ढुलाई जैसे काम किए जा सकते हैं।

यह ट्रैक्टर की तुलना में सस्ता होता है और ऐसी जगहों पर भी आसानी से काम कर सकता है जहां ट्रैक्टर पहुंचना मुश्किल होता है। इसकी ईंधन खपत कम होने से खेती की लागत घटाने में मदद मिलती है। छोटे जोत वाले किसानों और पहाड़ी व पठारी क्षेत्रों में भी यह काफी उपयोगी है।

पावर वीडर

पावर वीडर का इस्तेमाल मुख्य रूप से खरपतवार नियंत्रण के लिए किया जाता है। इसका आकार पावर टिलर जैसा होता है और उन जगहों पर उपयोगी रहता है जहां फसलों के बीच ट्रैक्टर नहीं पहुंच पाता। इससे खेत में निराई-गुड़ाई, खरपतवार की कटाई और उसे मिट्टी में मिलाने का काम किया जा सकता है। छोटे खेतों की जुताई और मिट्टी का समतलीकरण करने में भी यह उपयोगी है। हल्का होने के कारण इसे एक जगह से दूसरी जगह ले जाना आसान होता है।

स्टेनलेस स्टील हल

स्टेनलेस स्टील हल जमीन की जुताई के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला कृषि उपकरण है। बीज बोने से पहले खेत की मिट्टी तैयार करने में इसका उपयोग किया जाता है।

डिस्क हल

डिस्क प्लाऊ को अलग-अलग प्रकार की मिट्टी में काम करने के लिए तैयार किया गया है। इसका इस्तेमाल नए खेतों की कठोर जमीन को तोड़ने और पथरीले क्षेत्रों में जुताई के लिए किया जाता है। यह रोलिंग प्रकार का हल है और गहरी जुताई के लिए उपयोग किया जाता है। सूखी, चिपचिपी, खुरदुरी और कठोर मिट्टी में भी डिस्क हल काम कर सकता है।

एमबी हल

एमबी हल (मोल्ड बोर्ड प्लाऊ) का इस्तेमाल मिट्टी को पलटने और खेत की प्राथमिक जुताई के लिए किया जाता है। बुवाई से पहले खेत की मिट्टी को हल्का और भुरभुरा बनाने में यह उपयोगी है। इसे चलाने के लिए कम से कम 15-20 हॉर्स पावर के ट्रैक्टर की जरूरत होती है। यह गहरी जुताई करता है, जिससे मिट्टी में मौजूद पोषक तत्व ऊपर आते हैं। साथ ही खरपतवार नियंत्रण और मिट्टी की उर्वरक शक्ति बनाए रखने में भी मदद मिलती है। पंक्तियों में बोई जाने वाली फसलों के लिए यह समय बचाने वाला उपकरण है।

पोटैटो प्लांटर

आलू की बुवाई के लिए पोटैटो प्लांटर उपयोगी मशीन है। इससे आलू के बीज की बुवाई के साथ खाद डालने का काम भी किया जा सकता है। यह मशीन नाली खोलने, बीज की मात्रा निर्धारित करने, उचित गहराई पर बीज लगाने और बीज वाले कंदों को मिट्टी से ढकने के लिए मेड़ बनाने का काम करती है।

पोटैटो प्लांटर मुख्य रूप से तीन प्रकार के होते हैं:

  1. मैनुअल पोटैटो प्लांटर
  2. अर्ध-स्वचालित पोटैटो प्लांटर
  3. स्वचालित पोटैटो प्लांटर

इसका प्रमुख फायदा श्रम की बचत, आसान काम और कम समय में आलू की बुवाई है।

नैपसैक स्प्रेयर

आलू की बुवाई के लिए पोटैटो प्लांटर उपयोगी मशीन है। इससे आलू के बीज की बुवाई के साथ खाद डालने का काम भी किया जा सकता है। यह मशीन नाली खोलने, बीज की मात्रा निर्धारित करने, उचित गहराई पर बीज लगाने और बीज वाले कंदों को मिट्टी से ढकने के लिए मेड़ बनाने का काम करती है।

फुट स्प्रेयर

फुट स्प्रेयर में पैडल को पैर से दबाकर पंप चलाया जाता है। इसके अंदर लगा प्लंजर कीटनाशक को सक्शन होज के जरिए खींचकर स्प्रे होज के नोजल से बाहर निकालता है। इस मशीन से कीटनाशक का छिड़काव करने के लिए दो लोगों की आवश्यकता होती है।

पोटैटो डिगर

आलू की खुदाई और कटाई के लिए पोटैटो डिगर का इस्तेमाल किया जाता है। इसे ट्रैक्टर से आसानी से जोड़ा जा सकता है। मशीन मिट्टी के अंदर मौजूद आलू को उठाकर जालीनुमा हिस्से तक पहुंचाती है, जहां आलू से मिट्टी अलग हो जाती है। खासकर छोटे किसानों के लिए यह मशीन उपयोगी है। इससे आलू की खुदाई में समय और श्रम की बचत, शारीरिक मेहनत में कमी और लागत को कम करने में मदद मिलती है। साथ ही, फसल की गुणवत्ता बनाए रखने और उत्पादकता बढ़ाने में भी यह उपयोगी हो सकता है। 

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture