Ad DesktopAd TabletAd Mobile
फसल की खेती (Crop Cultivation)

कपास में गुलाबी इल्ली का प्रकोप

25 नवंबर 2021, खंडवा । कपास में गुलाबी इल्ली का प्रकोप – डॉ. सतीश परसाई कृषि महाविद्यालय, खंडवा ने बताया कि विगत दो वर्षों की तरह ही इस वर्ष भी कपास पर गुलाबी इल्ली का भयावह प्रकोप दिखाई दे रहा है। डॉ. परसाई द्वारा फिलहाल खंडवा, खरगोन, बड़वानी एवं बुरहानपुर जिलों में कीट प्रकोप के लिए सर्वेक्षण किया गया। भ्रमण के दौरान पैंतीस से नब्वे प्रतिशत तक कीट प्रकोप देखा गया औसतन यह पचपन प्रतिशत है। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में इस कीट द्वारा सर्वाधिक क्षति का यह लगातार तीसरा वर्ष है।

मनावर के एक कृषक बंधु द्वारा कृषि मंत्री श्री कमल पटेल से कीट प्रकोपित पौधों के साथ सम्पर्क कर समस्या की गंभीरता को बताया। इस सन्दर्भ में मंत्रालय से डॉ. सतीश परसाई को फोन आया। डॉ. परसाई ने सलाह दी है कि समस्या की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के सभी नौ कपास उत्पादक जिलों खंडवा, खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर, रतलाम, धार, झाबुआ, अलीराजपुर एवं छिन्दवाड़ा जिलों में विशेष जागरूकता अभियान की आवश्यकता है।