1.20 लाख रुपये की सब्सिडी से खरीदा थ्रेशर, अब हर सीजन में हो रही अतिरिक्त कमाई
27 जून 2026, जयपुर: 1.20 लाख रुपये की सब्सिडी से खरीदा थ्रेशर, अब हर सीजन में हो रही अतिरिक्त कमाई – सरकारी योजनाओं का सही लाभ उठाकर किसान न केवल खेती को आधुनिक बना सकते हैं, बल्कि अपनी आय भी बढ़ा सकते हैं। इसका उदाहरण सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा उपखंड के ग्राम सवाई गंज निवासी प्रगतिशील किसान रामकिशन मीना ने पेश किया है। उन्होंने कृषि विभाग की कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत थ्रेशर खरीदकर खेती को आसान, कम लागत वाली और अधिक लाभकारी बना लिया है।
रामकिशन मीना ने कृषि विभाग की योजना के तहत चार टन से कम क्षमता का थ्रेशर खरीदा। वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक विनोद कुमार जैन के मार्गदर्शन में उन्होंने योजना के लिए आवेदन किया। विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद उन्हें थ्रेशर खरीद पर 50 प्रतिशत अनुदान के रूप में 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई।
मड़ाई और गहाई का काम हुआ आसान
रामकिशन मीना ने बताया कि पहले फसल की मड़ाई और गहाई के लिए अधिक समय, मजदूरी और खर्च लगता था। कई बार समय पर मजदूर नहीं मिलने के कारण कृषि कार्य प्रभावित होता था, जिससे फसल की गुणवत्ता और आय पर भी असर पड़ता था।
उन्होंने बताया कि थ्रेशर आने के बाद अब मड़ाई और गहाई का काम कम समय में और कम लागत पर पूरा हो जाता है। इससे खेती के कार्य समय पर पूरे होने लगे हैं और फसल का नुकसान भी पहले की तुलना में काफी कम हुआ है।
अपनी खेती के साथ दूसरों के खेतों में भी कर रहे काम
रामकिशन मीना ने बताया कि थ्रेशर से केवल उनकी अपनी खेती ही आसान नहीं हुई, बल्कि अब वे आसपास के किसानों के खेतों में भी मड़ाई और गहाई का कार्य कर रहे हैं। इससे उन्हें खेती के अलावा अतिरिक्त आय का भी अच्छा स्रोत मिल गया है।
किसानों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील
ग्राम पंचायत पांवडेरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान रामकिशन मीना ने अपनी सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने कृषि यंत्रीकरण योजना से मिले लाभ के लिए राज्य सरकार और कृषि विभाग का आभार जताया।
उन्होंने क्षेत्र के किसानों से अपील की कि वे भी कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाकर आधुनिक कृषि यंत्र अपनाएं। इससे खेती में समय और लागत दोनों की बचत होगी, उत्पादन कार्य आसान होगा और आय बढ़ाने के नए अवसर भी मिलेंगे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

