बुरहानपुर कलेक्टर ने कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा की
07 फरवरी 2026, बुरहानपुर: बुरहानपुर कलेक्टर ने कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा की – कृषक कल्याण वर्ष के अंतर्गत “समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश” की अवधारणा को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्टर श्री हर्ष सिंह की अध्यक्षता में कृषि आदान समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, दुग्ध, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग द्वारा जिले में किसानों के हित में संचालित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों का समीक्षात्मक जायजा लिया गया।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने कृषि विभाग को निर्देशित किया कि मिट्टी परीक्षण के आधार पर प्राप्त परिणामों की जानकारी क्षेत्रवार कृषकों तक पहुँचाई जाए। जिले में तीसरी फसल के रूप में मूंगफली, उड़द एवं तिल के रकबे में वृद्धि हेतु किसानों को प्रोत्साहित किया जाए। प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों की जानकारी उपभोक्ताओं तक पहुँचाने तथा किसानों के लिए समयपूर्व प्रशिक्षण एवं चौपाल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उद्यानिकी विभाग को उद्यानिकी फसलों के क्लस्टर विकसित कर कार्य करने, धार्मिक स्थलों के आसपास फूलों के क्लस्टर बनाकर फूलों की खेती को बढ़ावा देने तथा सूक्ष्म सिंचाई योजना अंतर्गत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कृषकों के आवेदन कराकर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही गुणवत्तायुक्त एवं निर्यात योग्य उपज उत्पादन हेतु एपीडा एवं अन्य एजेंसियों के विशेषज्ञों को आमंत्रित कर किसानों का प्रशिक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया।
सहकारिता विभाग को निर्देश दिये गये कि जिले के शेष किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए जाएं तथा पशुपालन केसीसी के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों को लाभान्वित किया जाए। पशुपालन विभाग को विभागीय अभियानों एवं लक्ष्य अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिये गये। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि कृषक कल्याण वर्ष के अंतर्गत “समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश” की अवधारणा के अनुरूप जिला कृषि योजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


