Success Story: शेडनेट हाउस में उगाईं सब्जियां, मिर्च की खेती से किसान ने कमाए 7 लाख रुपये
24 जून 2026, रायपुर: Success Story: शेडनेट हाउस में उगाईं सब्जियां, मिर्च की खेती से किसान ने कमाए 7 लाख रुपये – कभी परंपरागत खेती तक सीमित रहे छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के ग्राम पोलेम के किसान कन्हैया आत्रम आज आधुनिक बागवानी तकनीक अपनाकर आर्थिक समृद्धि की नई मिसाल बन गए हैं। राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत उद्यानिकी विभाग के सहयोग और तकनीकी मार्गदर्शन से उन्होंने 2000 वर्गमीटर क्षेत्र में शेडनेट हाउस स्थापित किया, जिससे उनकी खेती की तस्वीर ही बदल गई।
शेडनेट हाउस में उगाईं उन्नत किस्म की सब्जियां
कन्हैया आत्रम शेडनेट हाउस में करेला, खीरा, तरोई और बरबटी जैसी सब्जियों की उन्नत खेती कर रहे हैं। आधुनिक तकनीक और बेहतर प्रबंधन के कारण उन्हें अच्छी पैदावार प्राप्त हुई है। इस खेती से उन्हें अब तक लगभग 2 लाख रुपये का उत्पादन प्राप्त हुआ है। सभी खर्च निकालने के बाद उन्हें करीब 1.80 लाख रुपये की शुद्ध आय हुई है।
लाल मिर्च की खेती से मिला बड़ा लाभ
शेडनेट हाउस के अलावा कन्हैया आत्रम ने खुले खेत में लाल मिर्च की खेती भी की। इस फसल से उन्हें करीब 7 लाख रुपये का उत्पादन प्राप्त हुआ। लगभग 2 लाख रुपये की लागत निकालने के बाद उन्हें 5 लाख रुपये का शुद्ध लाभ मिला है। इससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
कन्हैया आत्रम का कहना है कि उद्यानिकी विभाग की योजनाओं, अनुदान और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन ने उन्हें आधुनिक खेती अपनाने का आत्मविश्वास दिया। उनकी सफलता अब क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन रही है और यह साबित कर रही है कि वैज्ञानिक खेती अपनाकर कम क्षेत्र में भी बेहतर उत्पादन और अधिक आय अर्जित की जा सकती है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

