राज्य कृषि समाचार (State News)

पटना में जलवायु अनुकूल कृषि पर हितधारकों की बैठक आयोजित

31 मार्च 2026, भोपाल: पटना में जलवायु अनुकूल कृषि पर हितधारकों की बैठक आयोजित – ICAR Research Complex for Eastern Region, पटना में 30 मार्च 2026 को “जलवायु अनुकूल कृषि कार्यक्रम” पर एक हितधारक बैठक आयोजित की गई। इसमें वैज्ञानिकों, परियोजना कर्मियों और बिहार के गया व बक्सर जिलों के किसानों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक डॉ. अनुप दास ने की। उन्होंने कहा कि किसी भी तकनीक का आंशिक उपयोग अपेक्षित परिणाम नहीं देता। उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि अवशेष प्रबंधन के बिना शून्य जुताई प्रभावी नहीं होगी। उन्होंने स्थानीय समस्याओं के अनुसार कार्ययोजना बनाने, किसानों के लिए सरल प्रशिक्षण सामग्री तैयार करने और गांव स्तर पर “जलवायु प्रतिक्रिया समूह” बनाने पर जोर दिया। साथ ही फसल विविधीकरण और समेकित कृषि प्रणाली अपनाने की सलाह दी।

विशिष्ट अतिथि जिला कृषि पदाधिकारी, बक्सर श्री धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि जलवायु अनुकूल तकनीकें उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ पानी, मिट्टी और श्रम की बचत करती हैं। उन्होंने किसानों को स्वीट कॉर्न और बेबी कॉर्न जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों को अपनाने की सलाह दी।

बैठक में सूखा, तापमान वृद्धि, जल प्रबंधन, फसल चक्र और मृदा उर्वरता जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। किसानों ने सीमित सिंचाई, जंगली जानवरों के प्रकोप और कृषि यंत्रों की कमी जैसी समस्याएं रखीं, लेकिन साथ ही जलवायु अनुकूल तकनीकों से हुए लाभ को भी स्वीकार किया।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अभय कुमार ने स्वागत भाषण से की, जबकि Krishi Vigyan Kendra के डॉ. देवकरण और वैज्ञानिक डॉ. राकेश कुमार ने गया और बक्सर में चल रही गतिविधियों की जानकारी दी।

बैठक में करीब 60 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 10 किसान शामिल थे। गया जिले के किसान रंजीत महतो ने जल संकट से निपटने के लिए फसल विविधीकरण, फलदार पौधों, रेज्ड बेड मक्का और मशरूम उत्पादन जैसे उपायों का अनुभव साझा किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को समेकित कृषि प्रणाली मॉडल और पोषण वाटिका का प्रक्षेत्र भ्रमण भी कराया गया। बैठक का समापन वैज्ञानिकों, नीति-निर्माताओं और किसानों के संयुक्त प्रयास से जलवायु अनुकूल खेती को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements