तिलहनी फसलों से बालाघाट जिले के किसानों की आय में इजाफा, सरसों प्रदर्शन से बढ़ी रुचि
27 जनवरी 2026, भोपाल: तिलहनी फसलों से बालाघाट जिले के किसानों की आय में इजाफा, सरसों प्रदर्शन से बढ़ी रुचि – नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल्स (NMEO) के अंतर्गत तिलहन उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामों में सरसों प्रदर्शन का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में लालबर्रा विकासखंड के ग्राम पांडेवाड़ा के कृषक कुंवरलाल मंडलेकर, ग्राम बरघाट (मोहगांव) के कृषक योगेश दुबे, तथा किरनापुर विकासखंड के ग्राम बोरगांव के कृषक भूमेन्द्रे रहांगडाले एवं कमलाबाई के खेतों में सरसों की उन्नत प्रजाति के बीज प्रदाय कर प्रदर्शन किया गया है।
ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों द्वारा संबंधित ग्रामों में सरसों की प्रदर्शन फसल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान फसल की स्थिति का अवलोकन करते हुए कृषकों को सरसों के अधिक उत्पादन हेतु उन्नत कृषि तकनीकों, संतुलित उर्वरक उपयोग, कीट-रोग प्रबंधन एवं सिंचाई प्रबंधन के संबंध में आवश्यक तकनीकी सलाह दी गई।
इस संबंध में उप संचालक कृषि फूलसिंह मालवीय ने बताया कि बालाघाट जिले में रबी सीजन के दौरान तिलहन फसलों के उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिले में सरसों एवं अलसी की प्रदर्शन फसलों हेतु बीज का वितरण किया गया है। उन्होंने कहा कि तिलहनी फसलों से किसानों को दलहन एवं अनाज फसलों की तुलना में अधिक आय प्राप्त होती है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होती है।
कृषि विभाग द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों से किसानों में तिलहन फसलों के प्रति रुचि बढ़ रही है तथा जिले में खाद्य तेल उत्पादन को बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


