प्राकृतिक और हाईटेक खेती ही भविष्य की जरूरत: श्रीमती सावित्री ठाकुर
18 मार्च 2026, धार: प्राकृतिक और हाईटेक खेती ही भविष्य की जरूरत: श्रीमती सावित्री ठाकुर – सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा योजना) के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय ‘जिला स्तरीय कृषि विज्ञान मेले’ का गत दिनों समापन हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री (महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार)श्रीमती सावित्री ठाकुर रहीं। उनकी उपस्थिति में धार जिले के प्रगतिशील किसानों को आधुनिक और प्राकृतिक कृषि की नवीन तकनीकों से अवगत कराया गया।
केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने कहा कि, “वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली और स्वास्थ्य चुनौतियों को देखते हुए प्राकृतिक खेती (Natural Farming) को अपनाना अनिवार्य हो गया है। हालांकि जैविक विधियां शुरुआत में कठिन लग सकती हैं, लेकिन दीर्घकालिक स्वास्थ्य और भूमि की उर्वरता के लिए यह श्रेष्ठ विकल्प है।” उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे आधुनिक युग की मांग के अनुसार ‘हाईटेक फार्मिंग’ को अपनाएं ताकि कम लागत में अधिक मुनाफा कमाया जा सके। मंत्री श्रीमती ठाकुर ने जानकारी दी कि भारत सरकार के साथ-साथ मध्य प्रदेश सरकार किसानों की समृद्धि के लिए संकल्पित है। इसी क्रम में वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में घोषित किया गया है, जिसके तहत अनेक जनहितकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। ‘आत्मा योजना’ के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषकों को ‘सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार’ और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मेले में लगाए गए विभिन्न शासकीय, अशासकीय स्टॉलों और ‘जैविक हाट’ के प्रतिभागियों को भी उनके योगदान हेतु सम्मानित किया गया।
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. एस.एस. चौहान, डॉ. जी.एस. गाठिये एवं डॉ. के.एस. किराड़ ने किसानों को तकनीकी जानकारी दी। उप संचालक कृषि श्री सोलंकी द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा और दो दिवसीय गतिविधियों के बारे में जानकारी प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम का संचालन श्री वीरेंद्र कुमार जैन द्वारा किया गया। इस अवसर पर परियोजना संचालक (आत्मा) श्री डी.सी. छवालिया सहित विभाग के अन्य अधिकारी और लगभग 1100 से अधिक किसान उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

