राज्य कृषि समाचार (State News)

पांढुर्ना में कपास उत्पादक किसानों से जिनिंग में अवैध वसूली

24 दिसंबर 2025, (उमेश खोडे पांढुर्णा): पांढुर्ना में कपास उत्पादक किसानों से जिनिंग में अवैध वसूली –  किसानों को प्रकृति के अलावा तंत्र की अव्यवस्थाओं से भी जूझना पड़ता है। न चाहते हुए भी उन्हें अज्ञानतावश आर्थिक बोझ उठाना पड़ता है।  ऐसा ही मामला पांढुर्ना का सामने आया है , जहां सीसीआई द्वारा खरीदे गए कपास को जिनिंग पहुंचाने के बाद किसानों से कपास की तुलाई और खाली कराई की अवैध वसूली की जा रही  है।  दूसरी ओर सीसीआई के अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि मंडी में सीसीआई को बेचे गए कपास को किसानों को सिर्फ जिनिंग तक पहुंचाने की जिम्मेदारी है। इसके बाद किसानों को कोई शुल्क नहीं देना है। यदि ऐसी कोई लिखित शिकायत आती है, तो उसे विजिलेंस को भेजा जाएगा।

उल्लेखनीय है कि इस वर्ष पांढुर्ना क्षेत्र में कपास का उत्पादन बहुत घट गया है।  जहां पहले एक एकड़ में कपास का 14 – 15  क्विंटल तक का उत्पादन होता था, वहीं इस बार 4 -5  क्विंटल / एकड़ ही रह गया है। किसान वैसे ही बढ़ती लागत और कम उत्पादन से परेशान है। ऐसे में जिनिंग मिलों द्वारा किसानों से अवैध वसूली कोढ़ में खाज की कहावत को चरितार्थ कर रही है। बता दें कि पांढुर्ना मंडी में सीसीआई द्वारा खरीदे गए कपास को पालीवाल जिनिंग और पारसनाथ जिनिंग में भेजा जाता है, जहां किसानों से कपास की तुलाई और खाली कराई की अवैध वसूली की जा रही है। किसानों ने अपनी पीड़ा कृषक जगत से साझा की।  चिचौली के किसान श्री भास्कर डिगरसे ने बताया कि गत दिनों सीसीआई द्वारा मेरा 16  क्विंटल से अधिक कपास खरीदा  ,जिसे पालीवाल  जिनिंग ,पांढुर्ना में मेरे द्वारा ले जाया गया, जहां मुझसे कांटे पर तुलाई के 100 रु और खाली कराई के 400 रु लिए गए। इसी तरह अम्बाड़ाखुर्द के श्री किसन घटोदे के 24. 60  क्विंटल कपास की  ट्रॉली  खाली कराई के 600 रु और तुलाई कांटे के 100 रु लिए गए। जबकि पारसनाथ  जिनिंग  में 18. 5  क्विंटल कपास लेकर पहुंचे रायबासा के  किसान  श्री रोशन मधुकर पांसे से गाड़ी खाली कराई के 500  रु और कांटे पर तुलाई के 100  रु लिए गए। वहीं श्री रोशन कलम्बे  का कहना था कि कपास की तुलाई या खाली कराई के बारे में स्पष्ट जानकारी मंडी एवं व्यापारियों के यहां चस्पा की जाए और मंडी का जो धर्म कांटा कई दिनों से बंद पड़ा है, उसे शीघ्र चालू किया जाए। इससे किसानों को मंडी में तुलाई के बाद जिनिंग में ले जाने पर वहां वजन में कोई अंतर आएगा तो उसकी जानकारी मिल जाएगी।  इसी तरह पारसनाथ  जिनिंग में धावड़ीखापा की श्रीमती वनमाला मंसाराम खोड़े से  9.15  क्विंटल कपास की खाली कराई के 300 रु लिए गए। मंसाराम खोड़े ने बताया कि कपास के न्यूनतम मूल्य की पुनः समीक्षा की जाए और कम से कम 15  हज़ार रु / क्विंटल की दर निर्धारित की जाए  तभी  किसान के घाटे की पूर्ति हो पाएगी।

इस  संदर्भ में श्री राजाराम उइके, सचिव, कृषि उपज मंडी ,पांढुर्ना से बात की तो उन्होंने बताया कि मंडी एक्ट में अनाज की हम्माली /तुलाई पर 10 रु / क्विंटल किसानों  से लेने का प्रावधान है। सीसीआई द्वारा कपास तुलाई / हम्माली के बारे में नहीं बता सकता। मंडी नियमों की पूरी जानकारी देता  हूं।

श्री के एल बघेल ,सीसीआई केंद्र प्रभारी , पांढुर्ना ने कृषक जगत को बताया कि किसान द्वारा जिनिंग गेट पर कपास लाने के बाद सीसीआई की कोई भूमिका नहीं होती है। कपास की खाली कराई और तुलाई से लेकर उसकी गठानें बनाकर सीसीआई को देने की जिम्मेदारी जिनिंग वालों की रहती है। यदि किसानों से कपास की खाली कराई और तुलाई  की राशि ली जा रही है , तो जानकारी लेकर बताता हूं।

श्री शुभम शुक्ला ,ब्रांच मैनेजर ,सीसीआई , इंदौर ने कृषक जगत को बताया कि कपास की तुलाई और हम्माली सीसीआई नहीं देती है। न ही किसानों को देने की ज़रूरत है। यदि किसी जिनिंग द्वारा वसूली की जा रही है, तो संबंधित जिनिंग की नांम सहित शिकायत करने पर जांच  की जाएगी और मामला विजिलेंस को दे दिया जाएगा।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements