गुना जिले के ग्राम भुलाय में कृषक संगोष्ठी सम्पन्न
19 मार्च 2026, गुना: गुना जिले के ग्राम भुलाय में कृषक संगोष्ठी सम्पन्न – किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग की आत्मा योजना अंतर्गत कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन में विकासखंड राघौगढ़ की ग्राम पंचायत भुलाय में कृषक संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन उप संचालक कृषि श्रीसंजीव कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। संगोष्ठी में ग्राम पंचायत के प्रगतिशील कृषक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
संगोष्ठी में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी राघौगढ़ श्री संतोष कुमार शर्मा ने किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि किसान किस प्रकार इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने किसानों को पोर्टल पर किसान पंजीयन प्रक्रिया, ग्रीष्मकालीन फसलों की खेती तथा नरवाई प्रबंधन के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी। बीटीएम बमोरी श्री मुरारी लाल त्यागी ने किसानों से जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट निर्माण की विधि एवं उपयोगिता समझाते हुए किसानों को अपने खेत के लिए उत्तम बीज घर पर ही तैयार करने की सलाह दी, जिससे खेती की लागत में कमी लाई जा सके। बीटीएम गुना डॉ.मनमोहन भूरिया ने विभिन्न फसलों में लगने वाले रोग एवं कीटों की जानकारी देते हुए उनके नियंत्रण के उपाय बताए , साथ ही जीवामृत, दशपर्णी अर्क आदि प्राकृतिक खेती के महत्वपूर्ण घटकों को तैयार करने की विधि भी किसानों को समझाई।
कृषि विज्ञान केंद्र आरोन के वैज्ञानिक डॉ.वरुण प्रताप सिंह ने किसानों को खेती को लाभ का धंधा बनाने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन युवाओं के लिए आय का अच्छा साधन बन सकता है। बीटीएम आरोन श्री आर.एस. लोधा ने किसानों को उद्यानिकी फसलों, फल, सब्जी एवं पुष्प की खेती के एवं नर्सरी प्रबंधन के संबंध में भी जानकारी प्रदान की। बीटीएम राघौगढ़ श्री सुनील द्वारा आभार व्यक्त किया गया ।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

