राज्य कृषि समाचार (State News)

किसान कल्याण वर्ष 2026: सीहोर में कृषि योजनाओं ने पकड़ी रफ्तार, कई लक्ष्यों में उल्लेखनीय प्रगति

18 मार्च 2026, भोपालकिसान कल्याण वर्ष 2026: सीहोर में कृषि योजनाओं ने पकड़ी रफ्तार, कई लक्ष्यों में उल्लेखनीय प्रगति –  मध्यप्रदेश में वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, कृषि को अधिक लाभकारी बनाना तथा खेती से जुड़ी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाना है। राज्य सरकार द्वारा कृषि, सिंचाई, फसल विविधीकरण और आधुनिक तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। 

इसके साथ ही किसानों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्थिक और तकनीकी सहायता भी प्रदान की जा रही है। प्रदेश सरकार द्वारा न केवल प्रदेश के कृषि बजट का लक्ष्य के अनुरूप समुचित उपयोग किया जा रहा है बल्कि केन्द्र सरकार द्वारा प्रवर्तित कृषि योजनाओं में भी लक्ष्यों को पूरा किया जा रहा है।

केंद्र प्रवर्तित योजनाओं के अंतर्गत सीहोर जिले में वर्ष 2025-26 में कृषि विभाग द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों में लक्ष्य के अनुरूप उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। फिजिकल प्रोग्रेस रिपोर्ट के अनुसार दलहन एवं तिलहन फसलों के क्लस्टर प्रदर्शन, क्रॉपिंग सिस्टम आधारित प्रदर्शन तथा प्रशिक्षण गतिविधियों में बेहतर उपलब्धियां हासिल हुई हैं। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (दलहन) के तहत अरहर, चना, मूंग एवं मसूर फसलों के क्लस्टर प्रदर्शन निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पूर्ण किए गए। चना का प्रदर्शन 1950 हेक्टेयर तथा अरहर 110 हेक्टेयर क्षेत्र में सफलतापूर्वक किया गया। वहीं क्रॉपिंग सिस्टम आधारित प्रदर्शन कार्यक्रमों में भी 160 से 215 हेक्टेयर तक लक्ष्य प्राप्त किए गए।

 अंतरवर्ती फसल प्रदर्शन के अंतर्गत मूंग एवं मक्का का प्रदर्शन 10 हेक्टेयर क्षेत्र में किया गया। इसके अलावा तिलहन कार्यक्रम में ब्लॉक डिमॉन्स्ट्रेशन अंतर्गत सोयाबीन का प्रदर्शन 1500 हेक्टेयर क्षेत्र में पूर्ण किया गया तथा किसानों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर 59 के लक्ष्य के विरुद्ध 54 प्रशिक्षण संपन्न किए गए। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (पीडीएमसी) अंतर्गत स्प्रिंकलर एवं ड्रिप सिंचाई प्रणाली के 232 प्रकरण पूर्ण किए गए। वहीं सॉइल हेल्थ एंड फर्टिलिटी योजना के तहत 18,200 मृदा नमूने संग्रहित करने के लक्ष्य के विरुद्ध 14,539 सैंपल एकत्रित किए गए। राज्य एवं केन्द्र सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से किसानों को उन्नत तकनीक, सिंचाई सुविधाएं एवं फसल उत्पादकता बढ़ाने में सीधा लाभ मिल रहा है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements