राज्य कृषि समाचार (State News)

विदिशा के कृषक उत्तर प्रदेश में लेंगे आधुनिक उद्यानिकी का प्रशिक्षण, 5 दिवसीय प्रशिक्षण के लिए 30 किसान हुए रवाना

24 फरवरी 2026, विदिशा: विदिशा के कृषक उत्तर प्रदेश में लेंगे आधुनिक उद्यानिकी का प्रशिक्षण, 5 दिवसीय प्रशिक्षण के लिए 30 किसान हुए रवाना – उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा राज्य पोषित योजना अंतर्गत विदिशा जिले के कृषकों को उन्नत उद्यानिकी तकनीकों से अवगत कराने के उद्देश्य से 5 दिवसीय कृषक प्रशिक्षण सह भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम के तहत जिले के 30 कृषकों का दल 22 से 26 फरवरी  तक उत्तर प्रदेश के विभिन्न प्रतिष्ठित अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थानों का भ्रमण कर प्रशिक्षण प्राप्त करेगा।

 कृषक दल को रविवार को जिला पंचायत परिसर से  जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता कैलाश रघुवंशी, जनपद पंचायत नटेरन की कृषि स्थायी समिति के सभापति गजेन्द्र सिंह राजपूत व अन्य जनप्रतिनिधियों तथा उद्यानिकी विभाग के सहायक संचालक एस एल सोलंकी द्वारा बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया है।

सहायक संचालक सोलंकी ने बताया कि कृषक दल प्रशिक्षण के दौरान सेंटर ऑफ एक्सीलेंस सिट्रस, झांसी, सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ सबट्रॉपिकल हॉर्टिकल्चर, रहमानखेड़ा लखनऊ, सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिसिनल एंड एरोमेटिक प्लांट्स, लखनऊ, नेशनल हॉर्टिकल्चर बोर्ड में पंजीकृत मलिहाबाद स्थित नर्सरियों तथा आचार्य नरेंद्र देव यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी, कुमारगंज अयोध्या का भ्रमण करेंगे। भ्रमण स्थानों पर कृषकों को फल, सब्जी, औषधीय एवं सुगंधित फसलों की उन्नत किस्मों, पौध उत्पादन, आधुनिक प्रबंधन तकनीकों एवं उद्यानिकी आधारित स्वरोजगार के संबंध में व्यवहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्रदान की जाएगी।

इस प्रशिक्षण सह भ्रमण कार्यक्रम के लिए ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी रामचंद्र वर्मा को दल प्रभारी के रूप में अधिकृत किया गया है, जो कृषकों को प्रशिक्षण के दौरान मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद कृषक अपने-अपने क्षेत्रों में आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उद्यानिकी फसलों का विस्तार करेंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी तथा जिले में उद्यानिकी क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा। यह कार्यक्रम कृषकों के कौशल विकास एवं कृषि आधारित आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements