राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

देश के कई हिस्सों में बिगड़ा मौसम: कश्मीर में भारी बारिश-बर्फबारी, मध्य भारत में ओलावृष्टि का खतरा

30 मार्च 2026, नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में बिगड़ा मौसम: कश्मीर में भारी बारिश-बर्फबारी, मध्य भारत में ओलावृष्टि का खतरा – भारतीय मौसम विभाग ( India Meteorological Department) के अनुसार देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 29 और 30 मार्च को बारिश की तीव्रता सबसे अधिक रहने की संभावना है। कई राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। कश्मीर घाटी में 30 मार्च को कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी भी हो सकती है।

उत्तर-पश्चिम भारत: बारिश, बर्फबारी और ओले का असर

उत्तर-पश्चिमी राज्यों में 29 से 31 मार्च के बीच व्यापक बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। 30 मार्च को कश्मीर घाटी में भारी बारिश/बर्फबारी का अलर्ट है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में गरज-चमक के साथ 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना है।

मध्य भारत: गरज-चमक और ओलावृष्टि की चेतावनी

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 29 मार्च से 2 अप्रैल के बीच गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 30 मार्च को पश्चिमी मध्य प्रदेश और 31 मार्च को छत्तीसगढ़ व विदर्भ में ओलावृष्टि हो सकती है। तेज हवाओं के कारण फसलों को नुकसान की आशंका जताई गई है।

पूर्व और पूर्वोत्तर भारत: भारी बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर राज्यों – असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 29 मार्च से 2 अप्रैल तक व्यापक बारिश की संभावना है। 30 मार्च से 1 अप्रैल के बीच कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा।

पश्चिम भारत: तेज हवाएं और छिटपुट बारिश

महाराष्ट्र, गुजरात, कोंकण-गोवा और मराठवाड़ा में 29 मार्च से 2 अप्रैल के बीच गरज-चमक और 30-50 किमी/घंटा की तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।

दक्षिण भारत: आंधी-तूफान के साथ बारिश जारी

दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत जैसे- तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।

दिल्ली-एनसीआर: बादल, बारिश और तेज हवाएं

दिल्ली-एनसीआर में 29 मार्च को आसमान में बादल छाए रहेंगे और दोपहर बाद गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। 30 से 31 मार्च तक भी इसी तरह का मौसम बना रहेगा। अधिकतम तापमान 28 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जो सामान्य के आसपास रहेगा। तेज हवाएं 30-50 किमी/घंटा तक चल सकती हैं।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements