ग्रीष्मकालीन फसलों की बुवाई में गिरावट, कुल 1.03 लाख हेक्टेयर क्षेत्र घटा; तिलहन में हल्की बढ़ोतरी
19 मार्च 2026, नई दिल्ली: ग्रीष्मकालीन फसलों की बुवाई में गिरावट, कुल 1.03 लाख हेक्टेयर क्षेत्र घटा; तिलहन में हल्की बढ़ोतरी – कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, 13 मार्च 2026 तक ग्रीष्मकालीन फसलों के क्षेत्रफल कवरेज में हल्की गिरावट देखी गई है। चालू वर्ष में अब तक कुल 36.22 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बुवाई हुई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 37.25 लाख हेक्टेयर था। कुल मिलाकर 1.03 लाख हेक्टेयर की कमी दर्ज की गई है। हालांकि दलहनी फसलों की बुआई पिछले साल से ज्यादा हुई है।
दलहन फसलों की बुवाई बढ़ी
इस वर्ष दलहन फसलों में सकारात्मक संकेत देखने को मिले हैं। कुल 2.25 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बुवाई हुई है, जो पिछले साल के 1.74 लाख हेक्टेयर से 0.51 लाख हेक्टेयर अधिक है। इसमें मूंग और उड़द की बुवाई में खास बढ़त देखी गई। मूंग की बुवाई 1.33 लाख हेक्टेयर रही, जो पिछले साल के 1.09 लाख हेक्टेयर से बढ़कर हुई है। उड़द का क्षेत्रफल 0.71 लाख हेक्टेयर रहा, पिछले वर्ष के 0.51 लाख हेक्टेयर के मुकाबले। अन्य दलहन फसलों में भी हल्की बढ़त दर्ज की गई, जो कुल मिलाकर दलहन क्षेत्रफल को मजबूत बनाए रखने में सहायक रही।
धान-तिलहन व मोटे अनाजों का रकबा घटा
ग्रीष्मकालीन चावल का क्षेत्रफल इस वर्ष घटकर 26.75 लाख हेक्टेयर रह गया है, जो पिछले साल की समान अवधि के 27.97 लाख हेक्टेयर से 1.22 लाख हेक्टेयर कम है। वहीं, श्रीअन्न और मोटे अनाज के क्षेत्र में इस वर्ष कुल 4.14 लाख हेक्टेयर बुवाई हुई है, जो पिछले साल के 4.41 लाख हेक्टेयर से 0.26 लाख हेक्टेयर कम है। ज्वार के क्षेत्र में कमी देखी गई, जो 0.25 लाख हेक्टेयर से घटकर 0.15 लाख हेक्टेयर रह गई।
बाजरा के क्षेत्र में भी मामूली गिरावट आई और यह 0.84 से घटकर 0.83 लाख हेक्टेयर रहा। रागी के क्षेत्र में हल्की बढ़त हुई, जो 0.11 से बढ़कर 0.19 लाख हेक्टेयर हो गई। मक्का की बुवाई में भी कमी देखी गई और यह 3.19 से घटकर 2.96 लाख हेक्टेयर रह गई।
तिलहन
तिलहन फसलों का कुल क्षेत्रफल 3.08 लाख हेक्टेयर रहा, जो पिछले साल के 3.13 लाख हेक्टेयर से 0.06 लाख हेक्टेयर कम है। इसमें मूंगफली का क्षेत्रफल 2.00 लाख हेक्टेयर, सूरजमुखी 0.24 लाख हेक्टेयर, तिल 0.80 लाख हेक्टेयर और अन्य तिलहन 0.04 लाख हेक्टेयर रहा। कुल मिलाकर तिलहन में हल्की गिरावट के बावजूद सूरजमुखी और मूंगफली में मामूली बढ़त ने स्थिति को संतुलित किया।
ग्रीष्मकालीन फसल क्षेत्रफल (लाख हेक्टेयर में)
| क्रम | फसलें | सामान्य क्षेत्र | 2025 अंतिम | 2026 (13 मार्च) | 2025 समान अवधि | अंतर |
| 1 | चावल | 31.49 | 33.28 | 26.75 | 27.97 | -1.22 |
| 2 | दलहन | 23.4 | 27.07 | 2.25 | 1.74 | 0.51 |
| मूंग | 20.44 | 23.49 | 1.33 | 1.09 | 0.23 | |
| उड़द | 2.96 | 3.58 | 0.71 | 0.51 | 0.2 | |
| अन्य | 0 | – | 0.21 | 0.13 | 0.08 | |
| 3 | श्रीअन्न/मोटे अनाज | 12.08 | 14.06 | 4.14 | 4.41 | -0.26 |
| ज्वार | 0.34 | 0.36 | 0.15 | 0.25 | -0.1 | |
| बाजरा | 4.43 | 5.2 | 0.83 | 0.84 | -0.02 | |
| रागी | 0.31 | – | 0.19 | 0.11 | 0.08 | |
| मक्का | 6.98 | 8.5 | 2.96 | 3.19 | -0.22 | |
| 4 | तिलहन | 8.4 | 9.51 | 3.08 | 3.13 | -0.06 |
| मूंगफली | 3.4 | 4.2 | 2 | 2.04 | -0.04 | |
| सूरजमुखी | 0.34 | 0.35 | 0.24 | 0.2 | 0.03 | |
| तिल | 4.66 | 4.96 | 0.8 | 0.84 | -0.04 | |
| अन्य | 0 | – | 0.04 | 0.05 | -0.01 | |
| कुल | 75.37 | 83.92 | 36.22 | 37.25 | -1.03 |
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

