Editorial (संपादकीय)

किसानों के बड़े शत्रु खरपतवार

Share

खरपतवारों की श्रेणी में कौन सा पौधा आता है निर्धारित करना सरल कार्य नहीं है, क्योंकि यह भूमि के उपयोग से संबंधित है। एक ही पौधा एक क्षेत्र या स्थान पर फसल हो सकता है और दूसरी परिस्थितियों में खरपतवार बन सकता है। खरपतवार की सरल परिभाषा है वे सभी पौधे जिनकी भूमि का उपयोग करने वाले को आवश्यकता नही है।

खरपतवारों को पानी की कम आवश्यकता होती है, जिससे ये सूखा इत्यादि को सहन करके आसानी से जमते और बढ़ते हैं। इनकी जड़ें अधिक विकसित होती हैं और अधिक गहराई तक जाती हैं, जिससे ये भूमि की निचली सतह से भोजन और पानी ले लेती हंै। जहां से फसल ग्रहण करने में असमर्थ हैं। खरपतवार की पत्तियों पर पर्णरन्ध्र (स्टोमेटा) अधिक पाये जाते हैं और वे अधिकतर अधिक क्रियाशील होते हैं, जिससे पत्तियां अधिक कार्य कर पाती हैं। कुछ खरपतवार फसलों के साथ पकते हैं, जिससे उनके बीज वहीं भूमि में गिर जाते है या फसल के साथ काट लिए जाते हैं। खरपतवार बीजों के अलावा अपने वानस्पतिक भागों से भी सुगमता पूर्वक स्वयं ही पैदा हो जाते हैं जैसे हिरनखुरी और मोथा।

खरपतवारों से फसलों और भूमि पर हानिकारक प्रभाव- खरपतवार फसल के लिए उपलब्ध पोषक तत्व , जल, सूर्य का प्रकाश एवं वायु का प्रयोग करते हैं, जिससे खरपतवार व फसल के बीच प्रतिस्पर्धा उत्पन्न हो जाती है। क्योंकि इन चीजों को फसल के पौधे एक मुख्य अनुपात में होने पर ही लेते हैं और जब उनमें से किसी एक की मात्रा सीमित हो जाती है तो वे दूसरे का प्रयोग सफलतापूर्वक नहीं कर पाते हैं, चाहे दूसरा पर्याप्त मात्रा में ही क्यों न हो। इन सब चीजों को प्राप्त करने के लिए फसल एवं खरपतवारों के बीच संघर्ष होता है। कभी-कभी इस संघर्ष में फसलों को काफी हानि होती है।

खेत का बहुत सा क्षेत्र जिसमें फसल उगाई जा सकती है, उनमें खरपतवार उग आते हैं और इस तरह से फसलों के जमने और बढऩे के लिए पर्याप्त स्थान नहीं मिल पाता है, जिसके फलस्वरूप फसल की उपज कम हो जाती है। इसके साथ-साथ यह भी सत्य है कि खरपतवारों की जड़ों क ा विकास अधिक होता है और उनकी जड़े भूमि में अधिक गहराई तक जाती है। इसका नतीजा यह होता है कि खरपतवारों के पौधे भूमि से अधिक मात्रा में भोजन ले लेते हैं। इससे भी फसलों द्वारा भूमि से भोजन लेने में रूकावट होती है, जिसके परिणाम स्वरूप उपज में काफी कमी हो जाती है। यह बात किसान भाईयों को समझना चाहिये कि पौधों को अपना भोजन भूमि से तभी मिल सकता है जबकि भूमि में पर्याप्त मात्रा में पानी हो, क्योंकि पौधे अपना भोजन घोल के रूप में लेते है। इस पानी में से काफी मात्रा खरपतवार अपने प्रयोग में ले लेते हैं तथा विशेष क्रिया द्वारा उसे हवा में उड़ा देते हैं,इस प्रकार भूमि में विद्यमान नमी की कमी हो जाती है अर्थात् जो पानी फसलों को मिलना चाहिए था उसे खरपतवार प्राप्त कर लेते हैं। इससे फसल की बढ़वार कम हो जाती है व फसल छोटी रह जाती है और उपज कम हो जाती है और उपज कम हो जाती है। कभी-कभी फसल के उत्पादन में खरपतवार के कारण 50 प्रतिशत की कमी हो जाती है। अनेक खरपतवारों की किस्मों की जल ग्रहण एवं उपयोग की क्षमता कुछ फसलों से अधिक है। शोध परिणामों से यह भी स्पष्ट हो गया है कि भूमि में जल को संचित रखने और उसे फसल के लिए उपलब्ध कराने हेतु खरपतवारों को पनपने से रोकना जरूरी है। यह कार्य शुष्क एवं अर्ध-शुष्क प्रदेशों में अत्यधिक महत्वपूर्ण है क्योंकि उन क्षेत्रों में जल की कमी पहले से होती है। किसी भी क्षेत्र में खरपतवारों की संख्या फसलों से जल के लिए स्पर्धा करती है और उसी अनुपात में फसल उत्पादन घट जाता है।पोषक तत्वों के लिए खरपतवार काफी जद्दो जहद करते हैं। कृषि भूमि एवं चरागाहों में फसलों एवं चारों के निकट वृद्धि करने वाले खरपतवारों का यदि नियंत्रण न किया जाये तो उस क्षेत्र में तैयार शुष्क पदार्थ के 30 से 40 प्रतिशत भाग या इससे भी अधिक के लिए हकदार बन जाते हैं। यह इस बात का घोतक है कि फसलों एवं खरपतवारों के मध्य जल एवं पोषक पदार्थो के लिए कितनी अधिक स्पर्धा हो सकती है। शायद ही ऐसा कोई खेत हो जो पूर्णत: खरपतवार विहीन हो।

खरपतवारों की अनेक किस्में फसलों से अधिक मात्रा में पोषक तत्वों को ग्रहण करती है। खेतों में नाइट्रोजन एवं पोटेशियम के लिए सबसे अधिक स्पर्धा होती है। उदाहरण के तौर पर यदि पोषक तत्वों के लिए फसल व खरपतवार के बीच प्रतिस्पर्धा को देखा जाये तो पता चलता है कि संकर मक्का में खरपतवारों ने 30 दिनों के अन्दर 59, 10, तथा 59 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर क्रमश: नाईट्रोजन, फास्फोरस एवं पोटेशियम को हड़प लिया। अलसी के खेतों में चौड़ी पत्तियों वाले खरपतवार उपलब्ध पोषक तत्वों को फसल से दो से तीन गुना अधिक मात्रा ग्रहण करते हैं।

खरपतवार स्थान के लिए स्पर्धा अधिक करते हैं। स्पर्धा की यह शक्ति परिस्थितियों के अनुसार परिवर्तित होती रहती है। पौधे जितने निकट होंगे उनमें उतनी ही अधिक स्पर्धा होगी। स्पर्धा का संकटपूर्ण काल बुआई के बाद 3 से 13 सप्ताह के मध्य तक रहता है। खरपतवारों की प्रति इकाई क्षेत्रफल में संख्या के अलावा, वे किस अवस्था में अथवा कितने समय तक खेत में रहे , यह भी फसलों को होने वाली क्षति को निर्धारित करता है। खरपतवारों से गहन क्षति फसलों में प्रारंभिक अवस्था में होती है, क्योंकि प्रारंभिक अवस्था में हुई क्षति की भरपाई बाद में नहीं हो सकती। यदि धान की दौजियों के अंकुरण के पूर्व खेत को खरपतवार रहित रखा जाये तो सबसे अधिक लाभ होता है। मूंगफली की प्रस्फुटन के चार सप्ताह पश्चात् तक खरपतवारों से रहित रखा जाये तो फसल को कोई क्षति नहीं होगी। सोयाबीन खरीफ मौसम की फसल होने से इसमें खरपतवार की मुख्य रूप से एक गंभीर समस्या बनी रहती है। इस प्रमुख तिलहनी फसल में खरपतवार प्रबंधन के अभाव में 35 से 70 प्रतिशत तक उपज में कमी आती है। सोयाबीन में बुआई के बाद प्रारंभिक 45 दिनों तक खरपतवारों द्वारा अधिक नुकसान होता है। खरीफ फसलों में पानी मुख्य रूप से मानसून की वर्षा से ही मिल पाता है तथा लगातार वर्षा से खरपतवारों के बीज बराबर निकल आते हैं जिससे खरीफ की फसलों में रबी फसलों की अपेक्षा खरपतवारों से अधिक नुकसान होता है। खरीफ में उगायी जाने वाली फसलों में अधिकतर क्षेत्र असिंचित है, जिसकी वजह से स्थिति और गंभीर हो जाती है। औसत रूप से खरपतवार 30-40 किलोग्राम नाइट्र्रोजन 10-15 किलोग्राम फास्फोरस व 25 से 35 किलोग्राम पोटाश प्रति हेक्टेयर अवशोषित कर लेते हैं।

खरपतवारनाशी दवाओं से खरपतवार नियंत्रण – आज की आधुनिक कृषि में खरपतवार नियंत्रण मुख्य रूप से खरपतवार नाशक दवाओं के प्रयोग किया जाता है। खरपतवारों पर नियंत्रण के लिए खरपतवारनाशी दवाओं के प्रयोग में कम समय लगता है और उनका प्रयोग भी आसान है। विभिन्न प्रकार के शाकनाशी पदार्थो की खरपतवारों को विनिष्ट करने की अलग-अलग प्रक्रिया होती है।
जब खरपतवार-नाशक रसायनों से उपचार फसल और खरपतवारों को मिली- जुली आबादी में भूमि की सतह से ऊपर के अंगों पर सीधे किया जाता है तो उपचारित पौधे की पत्तियों और तने शाकनाशी का धारण और अवशोषण करने वाले मुख्य अवयव होते हैं। इसके विपरीत जब शाकनाशी को मिट्टी भूमि पर डाला जाता है तो उसका अवशोषण करने वाले अवयव जडें और अंकुरित तने होते हैं। जलीय खरपतवारों में शाकनाशियों का अवशोषण पत्तों एवं अन्य भागों/ अंगों तथा जड़ों से होता है। इस प्रकार प्रयोग किये जाने के पश्चात् शाकनाशी पदार्थ के प्रभाव से पौधों में अनेक प्रकार के जीव रसायनिक (बायोकेमिकल) और जीव क्रियात्मक (फिजियोलाजिकल) परिवर्तन होने लगते हैं। इन्हीं परिवर्तनों के कारण पौधों में कार्बोंहाईड्रेट की संचित मात्रा कम हो जाती है और अंत में कोशिकाओं की मृत्यु हो जाती है। कभी-कभी खरपतवार नियंत्रण हेतु प्रयुक्त शाकनाशी का विशाक्त प्रभाव भूमि में बना रहता है, जो बाद में उगायी गई फसलों की वृद्धि प्रभावित करता है। यद्यपि इस प्रकार का प्रभाव बहुत कम होता है, परन्तु कुछ संवेदनशील फसलों पर इसका प्रभाव देखने को मिलता है। शाकनाशी या नींदानाशक रसायन के प्रभाव की सीमा और अवधि, भूमि की किस्म, वातावरण की अवस्था भूमि में सूक्ष्म जीवाणुओं की क्रियाशीलता, भूमि में जीवांश पदार्थ की मात्रा प्रयोग की गई शाकनाशी की किस्म एवं मात्रा के ऊपर निर्भर करती है। शाकनाशी के इस कुप्रभाव को निम्र प्रकार से कम कि या जा सकता है:-

1. भूमि में लगातार सिंचाई करने से शाकनाशी पदार्थ का अवशेष निच्छालन की क्रिया से घुलकर नीचे चला जाता है, जिससे फसलों पर विषाक्तता का प्रभाव नहीं पड़ता है।

2. खेतों में क्रियाशील भूमि सुधारक पदार्थ के प्रयोग से अवशेष कम हो जाता है। इस क्रिया में भूमि सुधारक पदार्थ शाकनाशी के अवशेष को कम कर देता है और भूमि सुधारक पदार्थ शाकनाशी के अवशेष को शोषित कर लेता है।

3. ऐसे फसल चक्र जिनमें शाकनाशी के प्रति सहिष्णु फसलें ली गई हैं। अपनाकर इस प्रकार के प्रभाव को कम करने में सहायता मिलती है।

4. फॉस्फोरस प्रदान करने वाले उर्वरकों के संतुलित मात्रा में प्रयोग से भी शाकनाशी के अवशेष प्रभाव को कम किया जा सकता है।

सोयाबीन: – सोयाबीन को हानि पहुंचाने वाले खरपतवारों में घास कुल के खरपतवार सावां, मकड़ा, मोथा, दूब, नरकुल, चौड़ी पत्ती वाली जंगली चौलाई, कंटीली चौलाई, केना, सफेद मुर्ग, हजार दाना, हुरहुर, छोटी लूनिया, बड़ी लूनिया छोटा गोखरू, चकौसी, कनकउवा, विषखापरा और दूधी प्रमुख है। सोयाबीन का पौधा अपनी प्रारंभिक अवस्था में खरपतवारों से मुकाबला नहीं कर सकता, लेकिन 30-40 दिन बाद जब पौधा अच्छी तरह फैल जाता है, तो खरपतवारों को बढऩे से रोक देता है। इसलिए यह आवश्यक है कि प्रांरभ में अच्छी तरह स्थापित होने तक फसल को खरपतवारों से मुक्त रखा जाए। आजकल रसायनिक खरपतवार नियंत्रण से सोयाबीन में खरपतवारों का अच्छा नियंत्रण होता है।
1. बुआई से पूर्व ट्रायफ्लूरालिन रसायन की 2 लीटर मात्रा प्रति हे. क्षेत्र में 500 लीटर पानी में घोलकर आखिरी बखरनी के पूर्व खेत में छिडककर व बखर या हल द्वारा मिट्टी में भली -भांंति मिलाकर सोयाबीन की बुआई करना चाहिए।
2. बोनी के बाद अंकुरण के पूर्व एलाक्लोर 50 ई.सी. की 2 लीटर क्रियाशील अवयव या पेन्डीमिथालीन 30 ई. सी. की 2 लीटर क्रियाशील अवयव या मेटालाक्लोर 50 ई.सी. की 1 लीटर क्रियाशील अवयव प्रति हेक्टेयर के हिसाब से 500 लीटर पानी में घोलकर बोनी के बाद एवं अंकुरण के पूर्व छिड़काव करने से खरपतवार नियंत्रण सफलतापूर्वक किया जा सकता है। खरपतवारों की सघनता एवं मौसम की अनिश्चित्तता को देखते हुए अगर रसायनों का प्रयोग करना ही पड़े तो खड़ी फसल में उपयोगी नींदानाशकों की अनुशंसा ही श्रेयस्कर होगी

प्रमुख फसलों में खरपतवार नियंत्रण के कारगर उपाय
धान :- धान की फसल में पाये जाने वाले प्रमुख खरपतवार सावां घास, सावां, टोडी बट्टा या गुरही, रागीया झिंगरी, मोथा, जंगली धान या करघा, केबघास, बंदरा- बंदरी, दूब (एकदलीय घास कुल के), गारखमुडी, विलजा, अगिया, जलकुम्भी, कैना, कनकी, हजार दाना और जंगली जूट हैं। खरपतवार नियंत्रण के लिए निम्रलिखित उपाय अपनावें:-
1. जहां खेत में मिट्टी को लेव बनाकर और पानी भरकर धान को रोपा या बाया जाता है, वहां जो खरपतवार भूमि तैयार करने से पहले उग आते हैं, वे लेव बनाते समय जड़ से उखाड़कर कीचड में दब-सड़ जाते हैं। इसके बाद मिट्टी को 5 से. मी. या अधिक पानी से भरा रखने पर नए व पुराने खरपतवार कम पनप पाते हैं।2. बीज छिटकवां धान जिसमें बियासी नहीं की जाती हो, वहां बुआई के तुरन्त बाद या नई जमीन में या सूखी भूमि में बोनी के बाद, पानी बरसने के तुरन्त बाद ब्यूटाक्लोर 2.5 लीटर/ हेक्टेयर सक्रिय तत्व का छिड़काव 500 लीटर पानी में घोलकर करने से लगभग 20 से 25 दिनों तक खरपतवार नहीं उगते हैं। खड़ी फसल में दो बार 20-25 दिनों और 40-45 दिनों की अवस्था पर निंदाई करें।

3. बीज छिटकवा धान जहां बियासी की जाती हो वहां बियासी करने के बाद 7 दिनों के अन्दर निंदाई और चलाई किया जाना चाहिये। दूसरी निंदाई 25-30 दिनों पर करना चाहिये। बियासी के लिए समय पर पानी उपलब्ध होने पर निंदाई करना चाहिये। बुआई के 40-45 दिनो बाद बियासी नहीं करना चाहिये

4. धान के खेत में खरपतवार नियंत्रण हेतु रसायनिक विधियां अधिक कारगर सिद्ध हुई हंै, जिनका विवरण सारणी में दिया गया है।

धान के खेत में नोमिनो गोल्ड खरपतवारनाशक सिर्फ एक ही छिड़काव में सभी प्रमुख खरपतवारों (डिला मोथा, छतरी वाला मोथा, फिम्बीस्टाइलिस) घुई (मोथा के विभिन्न प्रकार पान पत्ता, पानी घास, पीले फूल वाली बूंटी मिर्च बूंटी चार पत्ती, सफेद फूस वाली बूंटी (चौड़ी पत्ती)और घास (स्वांकी , स्वांक और कनकी) को नियंत्रित करता है। इस खरपतवारनाशक को खरपतवार निकलने के बाद 10-25 दिन के बीच में प्रयोग कर सकते हैं। यह खरपतवारनाशक सीधे बोये गये धान, धान की नर्सरी और रोपित धान, सभी में प्रभावी खरपतवार नियंत्रण करता है। यह खरपतवारनाशक धान की फसल के लिए पूरी तरह सुरक्षित है एवं धान को कोई आघात नहीं पहुंचाता है। एक हेक्टेयर में नोमिनो गोल्ड खरपतवारनाशक दवा की 200 से 300 मिली लीटर को 450 से 500 लीटर पानी में मिलाएं और खेत में से पानी निकालकर खरपतवारनाशक दवा का छिड़काव करें ताकि खरपतवार पर दवा का प्रयोग हो सके। खरपतवारनाशी दवा का छिड़काव करने के 2-3 दिन बाद दुबारा खेत में पानी भर दें एवं कम से कम एक सप्ताह तक 3-5 से.मी. पानी खड़ा रहने दें। यह खरपतवारनाशक दवा छिड़काव के 6 घण्टे में ही अपना काम शुरू कर देता है। 6 घण्टे बाद बरसात आने पर भी खरपतवार नियंत्रण पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता इस खरपतवारनाशी को अन्य पौध रक्षक रसायनों के साथ मिश्रण के रूप में भी प्रयोग किया जा सकता है और इसका धान पर कोई प्रतिकू ल प्रभाव नहीं पड़ता है।

Share
Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *