Uncategorized

मध्यप्रदेश को मिला चौथी बार कृषि कर्मण अवॉर्ड

भोपाल। मध्यप्रदेश को लगातार चौथी बार प्रतिष्ठित केटेगरी में वर्ष 2014-15 के लिए कृषि कर्मण अवॉर्ड मिला है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन ने प्रदेश के किसानों को बधाई दी है।
भारत सरकार ने गत दिनों राज्य सरकार को सूचित किया कि प्रतिष्ठित केटेगरी एक में सर्वाधिक खाद्यान्न उत्पादन में कृषि कर्मण अवॉर्ड मध्यप्रदेश को दिया गया है। उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व वर्ष 2011-12, 2012-13 और वर्ष 2013-14 में मध्यप्रदेश को कृषि कर्मण अवॉर्ड मिला है। इसमें वर्ष 2011-12 में तथा वर्ष 2014-15 में खाद्यान्न उत्पादन में यह अवॉर्ड भारत सरकार ने दिया है। अब मध्यप्रदेश को चौथी बार कृषि कर्मण अवॉर्ड के साथ 5 करोड़ रुपये की राशि दी जायेगी।
उल्लेखनीय है कि खाद्यान्न उत्पादन के क्षेत्र में भारत सरकार द्वारा दिए जाने वाले प्रतिष्ठित कृषि कर्मण अवॉर्ड के लिये म.प्र. ने गत 15 दिसम्बर को नई दिल्ली में लगातार चौथे वर्ष अपना मजबूत दावा ठोंका था। जानकारी के मुताबिक आगामी फरवरी माह में नई दिल्ली में एक भव्य समारोह में कृषि कर्मण अवॉर्ड मिलने की संभावना है। पुरस्कार के लिए प्रदेश के दो प्रगतिशील कृषकों का भी चयन किया जायेगा, वे भी समारोह में सम्मानित होंगे।

Advertisements