Uncategorized

किसान सभाओं में प्रधानमंत्री फसल बीमा का व्यापक प्रचार-प्रसार होगा : श्री बनोठ

हरदा। कलेक्टर श्री श्रीकांत बनोठ ने कहा कि जिले में ग्रामोदय से भारत उदय अभियान के तहत आयोजित होने वाली किसान सभाओं में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, स्वाईल हेल्थ कार्ड योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। अधिक से अधिक किसानों का प्रधानमंत्री फसल बीमा किया जायेगा। सामाजिक वानिकी तथा वनीकरण हेतु स्थल चयन, गढ्ढों की खुदाई, विभिन्न प्रजाति के पौधरोपण हेतु पौध का चयन तथा नर्सरी की तैयारी आदि की कार्यवाही की जायेगी। जिले बांस वृक्षारोपण को प्रोत्सहित किया जायेगा। इसके अलावा प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर कृषि प्लान तैयार किए जावेगें, कृषि वानिकी का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। वैज्ञानिक पद्धतियों का प्रचार प्रसार किया जाएगा।
फसल चक्र परिवर्तन, फसल विविधिकरण, कृषि में लागत कम करने के उपायों पर चर्चा की जाएगी तथा जैविक कृषि तकनीकी का प्रचार – प्रसार किया जाएगा। कलेक्टर ने बताया कि किसान सभाओं में हितग्राही मूलक योजनाओं में लाभान्वित कृषकों और उन्हें दिये गये हितलाभों की सूची का वाचन किया जाएगा। चयनित कलस्टर के ग्रामों में उद्यानिकी योजनाओं की जानकारी एवं इच्छुक किसानों के योजनावार नाम संकलित किए जाने की कार्यवाही की जाएगी। किसानों को पशुपालन से आय वृद्धि, मत्स्य पालन एवं रेशम पालन से अतिरिक्त आय के श्रोत कैसे प्राप्त किए जा सकते हैं इस संबंध में जानकारी दी जाएगी।

Advertisements