Ad DesktopAd TabletAd Mobile
किसानों की सफलता की कहानी (Farmer Success Story)

राज्य में रंगीन फूलगोभी उगाने लगे हैं किसान

100 रु. किलो से ज्यादा बिकती है रंगीन गोभी

18 फरवरी 2022, बिलासपुर।  राज्य में रंगीन फूलगोभी उगाने लगे हैं किसान – परंपरागत तौर पर धान की खेती करने वाले छत्तीसगढ़ के किसान अब खेती-किसानी में नित-नये नवाचार करने लगे हैं। धान के बदले अधिक मुनाफा देने वाली फसलों विशेषकर उद्यानिकी फसलों के अंतर्गत फल-फूल, सब्जी, मसाला की खेती की ओर किसानों का रूझान बढ़ा है।

बिलासपुर जिले के मस्तुरी ब्लॉक के मल्हार की महिला कृषक श्रीमती दिव्या देवी वर्मा ने उद्यानिकी के क्षेत्र में नवाचार का जो प्रयोग किया है, वह प्रशंसनीय है। श्रीमती दिव्या देवी वर्मा अपने पति श्री जदुनंदन प्रसाद वर्मा एवं परिवारजनों के साथ सामान्य बागवानी के अलावा गुणवत्तायुक्त चार प्रकार की रंगीन फूलगोभी की खेती कर अधिक मुनाफा अर्जित करने के साथ ही लोगों की भोजन-थाली को भी पौष्टिकता बना रहे हैं।

कृषक श्रीमती वर्मा ने बताया की उनके पास दो एकड़ का खेत है, जिसमे उनका परिवार विगत 22 वर्षों से खेती कर रहा है। धान के बदले उद्यानिकी फसल लेने से अब उन्हें अधिक लाभ होने लगा है। पहले वह केला की फसल ले रहे थे। इसी बीच उन्होंने रंगीन फूलगोभी की जानकारी प्राप्त की एवं सिंजेंटा कंपनी का बीज मंगाकर सामान्य फूलगोभी की तरह खेती करना प्रारंभ किया। वे पांच रंग की गोभी सफ़ेद, पीला, जमुनी, हल्का हरा रंग एवं हरे रंग में ब्रोकली का उत्पादन कर रहे हैं। सामान्य सफ़ेद रंग की गोभी से अलग रंगीन गोभी के स्वाद में मीठापन थोड़ा ज्यादा होता है। लगभग पौन एकड़ में 15000 पौधे लगाकर औसतन 8-10 हजार किलो का उत्पादन करने लगे हैं। कृषक श्री जदुनंदन वर्मा ने बताया कि गोभी की पौष्टिकता एवं गुणवत्ता को देखते हुए लोग उनके फार्म से सीधे खरीद कर ले जाते है। सामान्य गोभी के मुकाबले बाजार में इसकी अच्छी कीमत भी मिलती है। इसकी कीमत बाज़ार में 100 रुपए किलो से ज्यादा है। राज्य में इसकी लोकप्रियता बढ़ते देख हर जगह से इसकी मांग बढ़ गयी है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile

उद्यानिकी संचालक श्री माथेश्वरन वी. ने बताया की रंगीन गोभियां न केवल देखने में खूबसूरत लगती है, बल्कि पोषक तत्वों से भी भरपूर होती है। इसमें विटामिन ए कैरोटीन की मात्रा अधिक होती है। इसमें फाइटो केमिकल्स और एंटीऑक्सीडेंट होता है, जो बीमारी और बॉडी इंफेक्शन से लडऩे में सहायक होता है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

महत्वपूर्ण खबर: राज्य के 110 विकासखण्डों में बनेंगे फूडपार्क : श्री बघेल